चार अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चार अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वहीं मृत किशोर के शव को पुलिस कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक निचलौल बहुआर मार्ग पर ढेसो पुल के पास एक साइकिल सवार किशोर ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने घायल किशोर की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय किशोर की रास्ते में मौत हो गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
गिरहिया निवासी सुरेश का बेटा सोनू (16) साइकिल से निचलौल बहुआर मार्ग स्थित ढेसो पुल की ओर जा रहे थे। अभी वह पुल के करीब पहुंचे थे। इसी बीच सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। जिससे घायल सोनू की मौत हो गई। किशोर सोनू की मौत के बाद मां रीना सहित अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि हादसे में मृत सोनू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह बढ़या फॉर्म गांव निवासी छोटू (18) बाइक से गांव के चौराहे की ओर जा रहा था। इसी बीच उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। जिस दौरान छोटू सड़क पर गिर घायल हो गया। जबकि नक्शा बक्शा गांव निवासी अमरेश का सात वर्षीय लड़का अंकुश हार्वेस्टर मशीन की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, निचलौल शहर निवासी सुनील (30) बाइक से थाना रोड के रास्ते से होकर गुजर रहे थे। इसी बीच हुई हादसे में वह घायल हो गए।