परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के हरपुर तिवारी गांव में सोमवार शाम को रोटावेटर की चपेट में आने से सुमित गौड़ 15 वर्ष की मौत हो गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। हादसा उस समय हुआ जब खेत में जुताई के दौरान मेड़ पर बैठा सुमित संतुलन बिगड़ने से मशीन के पास आ गया और रोटावेटर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सुमित के कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और 108 के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।