- जिले में स्थानांतरण के लिए पात्र मिले थे 267 शिक्षक, 205 ने लिया स्थानांतरण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए पात्र मिले 267 शिक्षकों में से 205 कार्यमुक्त हो चुके हैं, शेष बचे 62 शिक्षकों ने अभी तक स्थानांतरण नहीं लिया है। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों को स्थानांतरण का लाभ न लेने व भविष्य में कभी भी स्थानांतरण की मांग न करने संबंधी फोटोयुक्त शपथपत्र उपलब्ध कराने को कहा है।
जिले में अंतर जनपदीय स्थानांतरण के क्रम में विभिन्न भर्तियों में चयनित कुल 1368 शिक्षकों ने आवेदन किया था। शासन स्तर से जिले से स्थानांतरण के लिए कुल 437 की संख्या निर्धारित की गई। ऐसे में सेवा अवधि, पति-पत्नी की नौकरी, गंभीर बीमारी, दिव्यांगता आदि की वरीयता क्रम को निर्धारित करते हुए सूची जारी कर दी गई। इसी बीच 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को सूची से बाहर करने का निर्देश दिया गया। उन्हें बाहर करने के बाद कुल 267 शिक्षकों को पात्र पाया गया, जिनमें से 205 ने अपना स्थानांतरण ले लिया है व कार्यमुक्त भी हो चुके हैं। शेष बचे 62 शिक्षकों से फोटोयुक्त शपथपत्र देना है। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया है।
-
आने वाले शिक्षकों की एकल विद्यालय पर होगी तैनाती
गैर जनपद से आने वाले शिक्षकों को एकल विद्यालयों पर तैनात किया जाएगा। विद्यालयों को चिह्नित किया जा रहा है। जिले में 51 शिक्षकों को आना है, जिनमें से 32 ने जिले में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
-
अंतर जनपदीय स्थानांतरण का लाभ न प्राप्त करने वाले शिक्षकों को फोटोयुक्त शपथपत्र देना होगा। गैर जिले से आए शिक्षकों को जल्द ही तैनात किया जाएगा।
श्रवण कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी