महराजगंज। आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। जीवन में सफल होने के लिए सतत परिश्रम की जरूरत है। कभी भी मन में हीनभावना नहीं लाना चाहिए। काम को करने के लिए लक्ष्य निर्धारित होना चाहिए। ऐसे साथियों को चुनें जो आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। ये बातें जिलाधिकारी अनुनय कुमार झा ने कहीं। वह बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में 10वीं व 12वीं के मेधावियों को सम्मानित कर रहे थे।
कार्यक्रम में यूपी, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने बाले 160 से अधिक मेधावियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थी अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सुबह 10 से 11 बजे तक सभागार में पंजीकरण कराने के लिए कतार लगी रही।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने अभिभावकों से बच्चों पर किसी विषय को लेकर दबाव न बनाने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के टिप्स देते हुए कहा कि नौवीं से स्नातक तक मन लगाकर पढ़ाई करें। सोशल मीडिया का सदुपयोग करें। हो सके तो इससे दूर रहें। किसी भी स्ट्रीम से मन लगाकर पढ़ेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।
अपर जिलाधिकारी डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने छात्र छात्राओं ने कहा कि आपको जो भी मुकाम हासिल करना है उसके लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। प्रेरणास्रोत बाहर तलाशने की जरूरत नहीं है बल्कि अपने माता-पिता, शिक्षक आदि से भी प्रेरणा ले सकते हैं। इस दौरान सिद्धार्थ पांडेय, मोहमद सलीम, मोहसिन खां, सलीम, देवेंद्र शुक्ला, मुकुल गुप्ता, फादर तोमसी, प्रतीक श्रीवास्तव, करूणेश श्रीवास्तव व अन्य मौजूद रहे।