- तालाबों में जल की उपलब्धता को सुनिश्चित कराने की दिशा में नहीं की जा रही पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहरी क्षेत्र के तालाब भी गर्मी में सूख रहे हैं। उनमे पानी की उपलब्धता के लिए निकाय की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। ऐसे में यदि नगरीय क्षेत्र में आग लगने की घटना हो गई तो इन तालाबों के आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किल काफी बढ़ जाएगी।
नगर पालिका परिषद महराजगंज के नगर व विस्तारित सीमा में कुल 166 तालाब चिह्नित हैं। विस्तारित सीमा में स्थित तालाबों में तो जल की उपलब्धता है, मगर नगर में स्थित अधिकांश तालाबों की स्थिति बदहाल है। दिन प्रतिदिन बढ़ रही तपिश से जहां तालाब सूखने के कगार पर हैं, वहीं पशु-पक्षियों को भी पानी के लिए कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी में शहरी क्षेत्र के तालाबों में पानी के रहने से अग्निशमन विभाग को भी आग लगने की दशा में पानी लेने में सहूलियत होती है, मगर नगर के दो दर्जन से अधिक तालाबों में से अधिकांश सूखने के कगार पर हैं। शास्त्री नगर के रहने वाले महेंद्र ने कहा कि तालाब में पानी की उपलब्धता पर जोर देना चाहिए। सिविल लाइंस के शिव ने कहा कि तालाब को संरक्षित करते हुए उसमें पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।
तालाब एक
- शास्त्री नगर में मॉडल के रूप में विकसित किए जाने वाले तालाब में भी पानी सूखने के कगार पर है। यदि इसमें पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाए तो यह पशु-पक्षियों के साथ अग्निशमन कर्मियों के लिए सहायक होगा।
तालाब दो- सिविल लाइंस स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे स्थित तालाब भी पूरी तरह सूख चुका है। उसमें बिल्कुल भी पानी नहीं है। ऐसे में नगर के बीचोबीच आग की स्थिति उत्पन्न हो जाए तो उससे कोई सहूलियत नहीं मिल सकेगी।
-
तेज धूप से शहरी क्षेत्र के तालाबों में पानी सूख रहा है। तालाबों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
-आलोक कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी
संतोष