महराजगंज। तापमान में गिरावट के बाद अस्पताल में एलर्जी और स्केबीज रोग के मरीज बढ़ गए हैं। त्वचा रोग से पीड़ित करीब सौ मरीज हर रोज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। एलर्जी के केस में बच्चों की संख्या अधिक है। ऐसे में आप स्वयं अपनी त्वचा का ख्याल रखें। नहीं तो आप भी त्वचा रोग से पीड़ित हो सकते हैं।
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि मौसम बदलने के साथ त्वचा रोग बढ़ रहा है। तापमान कम होने के बाद शुष्क त्वचा के मामले ज्यादा आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्केबीज अगर एक व्यक्ति को है तो परिवार के दूसरे लोगों को होने का खतरा रहता है। ऐसे में परिवार के सभी लोग उपचार कराएं। अगर परिवार के सभी लोग उपचार नहीं लेंगे तो बीमारी पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाएगी। इस रोग में मरीज के शरीर पर दाने और खुजली होने लगती है।
नारियल तेल की मालिश करें
चर्म रोग विशेषज्ञ के अनुसार, मौसम में बदलाव पर त्वचा का ख्याल जरूर रखना चाहिए। नहाने के बाद जौ या नारियल के तेल की शरीर पर मालिश करें और साफ-सफाई का ध्यान रखें। कपड़ों को गर्म पानी में धोएं और अच्छी तरह सुखाएं। इसके साथ ही अगर खुजली हो तो डॉक्टरों की परामर्श के साथ इलाज कराएं।
संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से स्केबीज फैलता
स्केबीज घुन से होने वाला खुजली वाला त्वचा का संक्रमण है। जब घुन त्वचा की परत को भेदकर अंदर प्रवेश कर जाता है, तब यह समस्या होती है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से स्केबीज फैलता है। यह किसी भी उम्र के लोगों को हो सकता है। त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या बढ़ी है। स्केबीज के काफी रोगी आ रहे हैं।