महराजगंज। जिले में 291 मदरसे संचालित हो रहे हैं। अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय के निर्देश पर 33 मदरसों का सर्वे हो चुका है। अन्य का सर्वे चल रहा है। मदरसों से गैर मुस्लिम बच्चे अलग किए जाएंगे। उनका सरकारी स्कूलों में दाखिला कराया जाएगा। अब तक की जांच में एक भी गैर मुस्लिम बच्चा मदरसे में पढ़ते नहीं मिला है।
मदरसा बोर्ड की मान्यता पर 291 मदरसे जिले में संचालित हैं। यहां कक्षा एक से लेकर स्नातक, परास्नातक तक की पढ़ाई कराई जा रही है। मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या आकस्मिक सर्वे करके चेक करने के निर्देश शासन ने दिए हैं। इसके बाद विभाग की ओर से सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय ने भेजे गए निर्देश में कहा है कि गैर मुस्लिम बच्चों को प्रवेश देने वाले सभी वित्तपोषित व मान्यता प्राप्त मदरसों की विस्तृत जांच करें।
निर्देश मिलने के बाद सर्वे कराया जा रहा था। अभी 33 मदरसों का सर्वे पूरा हुआ है। इनमें एक भी गैर मुस्लिम बच्चा नहीं मिला। अगर आगे किसी मदरसे में गैर मुस्लिम विद्यार्थी मिलता है तो उसका सरकारी स्कूल में दाखिला कराया जाएगा।
-नीरज अग्रवाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी