संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान निचलौल रोड पर जगह-जगह फूल माला बेचने वालों की दुकानें सजी रहीं। प्रत्याशी की जीत की खुशी में समर्थक माला लेकर इंतजार करते रहे। रुझान पक्ष में आने के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने उत्साह दिखाना शुरू कर दिया।
घुघली से आए अनिरूद्ध, रूद्र प्रताप आदि सड़क पर खड़े होकर अपने प्रत्याशी की राह देख रहे थे। इन लोगों ने बताया कि हमारे वार्ड की गणना हो चुकी है, मेहनत सफल हो गई है। अब वार्ड का तेजी से विकास होगा। हम सभी अपने प्रत्याशी का इंतजार कर रहे हैं। जल्द ही वह निकलने वाले हैं। मटकोपा निवासी भोलू सौनी फूल की दुकान लगाए थे। उन्होंने बताया कि 200 माला लाया था। अब तक करीब 100 माला बेच चुका हूं। इतनी भीड़ को देख लगता है, कि और माला लेकर आना चाहिए था।
-
खूब पिया गन्ने का जूस और बेल का शरबत
धूप जैसे-जैसे बढ़ती गई, वैसे ही समर्थकों को प्यास सताने लगी, तो वह जूस व बेल के शरबत वाली दुकान पर पहुंचे। यहां भी वह अपने प्रत्याशी की जीत का जिक्र करते नजर आए।
-
स्पोर्ट्स स्टेडियम की बाउंडरी के पास डटे रहे समर्थक
मतगणना के दौरान समर्थकों में जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के बाउंडरी के आसपास काफी उत्साह दिखाई दिया। अपने प्रत्याशी की बढ़त पर शोर करते नजर आए तो कई कम वोट मिलने पर मायूस भी दिखाई दे रहे थे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया समर्थक धूप से परेशान होने लगे।
-
आवागम को दुरुस्त रखने में पुलिस के छूटे पसीने
नगर सक्सेना चौराहे से निचलौल रोड पर सड़क के किनारे मतगणना के दौरान समर्थकों के वाहन सड़क पर खडे़ थे, जिससे निचलौल रोड पर आने जाने वाले वाहनों को परेशानी हुई। पुलिस लगातार वाहनों को दूर लगाने का दबाव बनाती रही, लेकिन समर्थकों की भीड़ को काबू करने में पसीने छूट गए।
मतगणना के समय अलर्ट दिखी पुलिस
सक्सेना चौराहे से लेकर सोनपति महिला महाविद्यालय के सामने व समेकित विद्यालय के सामने फोर्स तैनात थी। सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों को तुरंत हटवाया जा रहा था, जिससे सड़क पर आने जाने वाले वाहनों को परेशानी न हो। सड़क पर जाम जैसे हालत न बनने पाएं। मतगणना गेट पर पुलिस आने जाने वालों को पूछताछ करने के बाद ही जाने दे रही थी।