महराजगंज। इस बार विभाग की सख्ती के चलते सीमापार के जनपदों में फसल नहीं लहलहा पाएगी। उन्हें धान के बीज की खरीद अपने देश के कृषि बीज भंडारों से करनी पड़ेगी। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार के निर्देश पर 13 टीम इसके लिए ब्लाॅकवार गठित की गई है। अगर चोरी छिपे कोई दुकानदार बीज बेचता मिला तो टीम उसके खिलाफ निकटतम थाने में केस दर्ज कराएगी।
जिला कृषि विभाग की नींद हराम रहती है क्योंकि नेपाल के किसान खुली सीमा का लाभ लेकर अनुदानित बीज अथवा बीज भंडारों से बीज का उठान कर लेते हैं। इतना ही नहीं नेपाली कृषक अपनी कृषि योग्य भूमि में भारतीय उर्वरक का भी इस्तेमाल करते हैं। लगातार मिल रही ऐसी शिकायतों के बीच जिला कृषि अधिकारी ने पूरे जनपद में जांच टीमों का गठन किया है। हर ब्लाॅक में इसके लिए एडीओ एग्रीकल्चर को जिम्मेदार बनाया गया है।
एक टीम जिला कृषि अधिकारी के मार्गदर्शन पर कार्य करेगी। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से कहा कि लगातार यह शिकायतें मिलती रही कि बाहरी लोग बीज खरीदकर ले जा रहे हैं। इससे जनपद में बीज संकट उत्पन्न हो जाता है। ऐसे में किसान कहीं से भी बीज खरीदें, लेकिन अपना नाम पता बताकर पक्की रसीद जरूर लें, जो दुकानदार पक्की रसीद नहीं देगा अथवा जो किसान बीज पड़ोसी देश लेकर जाता पकड़ा जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।