महराज जी आने वाले हैं, बिजली घर का निर्माण पूरा नहीं, क्या बताएंगे अधिकारी
निर्धारित समय के बाद भी काम नहीं हुआ पूरा, अभी लगेगा वक्त, क्षेत्रवासियों को निर्बाध बिजली मिलने का सपना अधूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। महराज जी आने वाले हैं। बिजली का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। अधिकारी उनको क्या बताएंगे? गोपाला में बिजली घर बनने का काम अंतिम चरण में है। ठूठीबारी क्षेत्र के नौनियां गांव में बिजली घर के निर्माण में अभी ज्यादा काम करना है। नौ अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संभावित दौरा है। विकास कार्यों की अधूरी तस्वीर पर अधिकारी कैसे पर्दा डालेंगे।
ये बातें क्षेत्र के लोग कर रहे हैं। लोगों ने जब से सुना है कि मुख्यमंत्री नौ अप्रैल को आने वाले हैं, तब से आधे-अधूरे विकास को लेकर चर्चा की जा रही है। हरखपुर गांव के रामगोपाल कहते हैं कि महराज जी आएंगे तो अधिकारियों की जमकर क्लास लेंगे। गोपाला बिजली घर के निर्माण में शुरुआत से ही सुस्ती बरती जा रही है। काम तेजी से हुआ रहता तो अब तक पूरा हो गया होता। अभी तमाम कार्य पूरे नहीं हुए हैं।
बैरिया गांव के संजय ने बताया कि बिजली घर बन जाता तो निर्बाध बिजली मिलती। काम बेहद धीरे-धीरे हो रहा है। अहिरौली के ब्रह्मनंद ने बताया कि ज्यादा काम नहीं हुआ है। अधिकारी कार्य को लेकर गंभीर नहीं हैं। पुरैना गांव के डब्लू ने बताया कि गोपाला बिजली घर के निर्माण में तेजी नहीं की जा रही है। इसी तरह से माधव नगर तुर्कहिया में बिजली घर बन रहा है। यहां भी काम की गति ठीक नहीं है। गांव के हैपी नायक, धर्मेंद्र गुप्ता, दिवाकर, नरेंद्र गौड़ ने बताया कि काम की गति देखकर नहीं लग रहा है कि इस साल पूरा हो पाएगा।
106.89 करोड़ की लागत से बन रहा गोपाला में बिजली घर
गोपाला में उच्च क्षमता 220 केवी का बिजली उपकेंद्र निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस बिजली घर से कुशीनगर जिले के 132 केवी लक्ष्मीपुर बिजली घर को सप्लाई होगी। गोपाला से लक्ष्मीपुर बिजली घर तक लाइन पहुंचाने के लिए पोल व तार लगाए जा रहे हैं। 220 केवी गोपाला बिजली उपकेंद्र से महराजगंज के 132 केवी बैकुंठपुर और 132 केवी निचलौल बिजली घर के अलावा कुशीनगर जिले के 132 केवी लक्ष्मीपर बिजली घर को सप्लाई होगी। निर्माण की कुल लागत 106.89 करोड़ रुपये है।
आने वाले दिनों में दूर होगी समस्या
गोपाला बिजली घर से 33 केवीए उप केंद्र सिसवा, घुघली को आपूर्ति दी जाएगी। इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर हो जाएगी। 132 केवीए महराजगंज की ओवरलोडिंग दूर होगी।
आठ लाख की आबादी को होगा फायदा
जिले की सदर, निचलौल क्षेत्र के अलावा कुशीनगर जिले की पडरौना तहसील क्षेत्र की करीब आठ लाख की आबादी को इससे लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में निर्बाध बिजली मिलेगी।
वर्ष 2019 में शुरू हुआ था बनना
गोपाला में बिजली वर्ष 2019 में बनना शुरू हुआ था। मार्च 2023 में इसे पूरा हो जाना चाहिए, लेकिन कुछ काम अधूरा होने के कारण संचालित नहीं हो सका है। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार काम तेजी से हो रहा है। जल्द पूरा हो जाएगा।
तय समय से नौ माह ज्यादा गुजर गया
नौनियां गांव में करीब दो वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पाॅवर ट्रांसमिशन काॅरपोरेशन लिमिटेड की ओर से 132/33 केवी की क्षमता के विद्युत उपकेंद्र के लिए निर्माण कार्य शुरू हुआ था। इसकी लागत करीब 40 करोड़ रुपये है। कार्यस्थल पर लगे बोर्ड के मुताबिक निर्माण कार्य को 30 जून 2022 को ही पूरा करना था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि काम सुस्त गति से हो रहा है। ज्यादातर काम पूरा नहीं हुआ है। काम की गति देखकर लग रहा है कि अभी ज्यादा वक्त लगेगा। परिसर में नवनिर्मित भवन में सीमेंट की बोरियां रखी हुई हैं। लोहे का इंगल लाकर रखा हुआ है। मजदूर पिलर की ढलाई करने में लगे हैं। अवर अभियंता पवन कुमार ने बताया कि एसआर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दो माह से काम तेजी के साथ कराया जा रहा है। जून तक पूरा हो जाएगा।
विकास कार्यों को तेजी से कराने के लिए अधिकारी गंभीर नहीं हैं। अगर बिजली घर तय समय के अंदर बन कर तैयार हुआ होता तो इस समय बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई होती।
अंबरीष पटेल, गोपाला
नौनिया बिजली घर का निर्माण शुरुआत से ही धीरे-धीरे हो रहा है। सरकार तो बेहतर काम करना चाह रही है, लेकिन अधिकारियों के ध्यान नहीं देने के कारण काम में तेजी नहीं आ सकी। पता नहीं कब तक बनकर तैयार होगा।
-करीमुल्लाह, माधवनगर तुर्कहिया
जिले में निर्बाध बिजली की आपूर्ति संचालित करने के लिए उच्च क्षमता के बिजली घर बन रहे हैं। जल्द ही बनकर तैयार हो जाएंगे। कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
-वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम