- माध्यमिक स्कूलों में दिसंबर माह में होगी चित्रकला स्पर्धा, विजेताओं को राष्ट्रपति की ओर से किया जाएगा पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में जूनियर व सीनियर वर्ग में ऊर्जा संरक्षण विषय पर चित्रकला स्पर्धा होगी। दिसंबर माह में होने वाली इस स्पर्धा में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राएं अपने चित्र से उसकी महत्ता को प्रदर्शित करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रपति की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।
उर्जा को संरक्षित करना हमारी जिम्मेदारी है। हम सभी को इस बात को समझते हुए कार्य करना होगा। ऐसा कर हम न सिर्फ स्वयं की मुश्किलों को कम करेंगे, बल्कि ऊर्जा की दिन-प्रतिदिन हो रही कमी को भी व्यवस्थित करने में सहभागी बनेंगे। आमजन व अन्य छात्र-छात्राओं को ऊर्जा की महत्ता बताने के पीछे की सोच है कि वे उसके महत्व को जानें व दूसरों को भी बताएं।
ए व बी वर्ग में होगी चित्रकला प्रतियोगिता
जिले में ऊर्जा संरक्षण की स्पर्धा दो वर्गों में होगी। वर्ग ए में कक्षा पांच, छह व सात के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे, वहीं वर्ग बी में कक्षा आठ, नौ व 10 के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
14 दिसंबर को मेधावियों को मिलेगा पुरस्कार
ऊर्जा संरक्षण की महत्ता को बताने में अहम भूमिका निभाने वाले छात्र-छात्राओं को 14 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दिल्ली में होने वाले समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
ऊर्जा संरक्षण विषय पर होने वाली राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेने के इच्छुक अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिभाग कराया जाए। विस्तृत जानकारी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक