महराजगंज। जनपद की स्थापना के उपलक्ष्य में महराजगंज महोत्सव इस बार भव्य तरीके से मनाया जाएगा। महोत्सव में विद्यार्थियों की सहभागिता भी देखने को मिलेगी। विभिन्न कार्यक्रमों के लिए सभी विद्यालय के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। सबसे पहले इनकी स्क्रीनिंग होगी, जिसके लिए निर्णायक मंडल की घोषणा अपर जिलाधिकारी ने की।
महराजगंज महोत्सव का आयोजन एक से लेकर तीन अक्तूबर तक गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कालेज के ग्राउंड में प्रस्तावित है। इस बार महोत्सव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय मावि व सरकारी तथा निजी इंटर कालेज के विद्यार्थी भी अपनी विभिन्न प्रस्तुतियों के मार्फत सहभागिता दर्ज कराएंगे। इसके लिए एकल व समूह नृत्य जिसमें विभिन्न प्रदेशों की लोक संस्कृति से संबंधित नृत्य विद्या का प्रदर्शन, विज्ञान क्विज, रंगोली व विज्ञान प्रदर्शनी तथा देशभक्ति से संबंधित नाटक की प्रस्तुती की मंजूरी दी गई है।
प्रतिभाग करने से पहले प्रस्तुती देने वाले विद्यार्थियों की जीएसवीएस इंटर कालेज में स्क्रीनिंग होगी। इसके लिए 20, 21, 23, 24, 25 सितंबर की तारीख तय की गई है। स्क्रीनिंग के लिए निर्णायक मंडल का गठन कर दिया गया है। निर्णायक मंडल में जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, एआर कोआपरेटिव, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी व जीएसवीएस के प्रधानाचार्य शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि महोत्सव को भव्य बनाने के लिए सभी की सहभागिता तय की जा रही है।महोत्सव में प्रतिभाग के लिए सभी विद्यालयों को आमंत्रित किया गया है।