तबादला नीति के विरोध में कर्मियों ने दिया धरना
महराजगंज। तबादला नीति के विरोध में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने सोमवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना दिया। कहा कि कर्मचारियों का गलत तरीके से स्थानांतरण किया गया है। उप मुख्यमंत्री व चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से गलत तरीके से तबादला किया गया है। ऐसे कर्मचारियों की सूची निदेशालय को भेजी जा चुकी है, लेकिन उस पर अब तक निर्णय नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी विभाग के सभी आदेशों का समय से पालन करते हैं। इसके बाद भी गलत तरीके से स्थानांतरण किया जाना ठीक नहीं है। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। इस मौके पर राम सरन गुप्ता, विजय प्रताप सिंह, लालजी त्रिपाठी, राकेश मणि त्रिपाठी, मानवेंद्र प्रताप सिंह, वकाउल्लाह अंसारी आदि मौजूद रहे।