60 युवा मंडलों के जिम्मेदारों में वितरित हुई खेल सामग्री
महराजगंज। नेहरू युवा केंद्र की ओर से चयनित जिले के 60 युवा मंडलों के जिम्मेदारों में खेल सामग्री का वितरण किया गया। विकास भवन सभागार में आयोजित खेलकूद सामग्री वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री वंदना तिवारी ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में युवा मंडलों की अहम भूमिका है। सभी जिम्मेदार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। परियोजना निदेशक राजकरन पाल ने कहा कि खेल ऐसा क्षेत्र है, जिसमें सफल होकर युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उपायुक्त श्रम रोजगार अनिल चौधरी ने कहा कि युवा अपनी क्षमता का सदुपयोग करते हुए समाज के विकास में योगदान देना सुनिश्चित करें। लेखाकार बीपी सिंह ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक के पांच-पांच युवा मंडलों के जिम्मेदारों को खेल सामग्री दी गई है। संचालन राज्य प्रशिक्षक शिरोमणि दूबे ने एवं आभार ज्ञापन राकेश पटेल ने किया। इस दौरान कृष्णमोहन, सुनील, धनपाल, अर्किता, ममता, इंद्रजीत, आनंद, बृजेश, अविनाश, गिरिजेश, महेंद्र निषाद, मीना आदि मौजूद रहे।