महराजगंज। जिले में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए खेल संघ जुटा है। क्रिकेट, खोखो, ताइक्वांडो से लेकर एथलेटिक्स आदि खेलों में खिलाड़ियों को निपुण बनाने के लिए संघ का गठन किया गया है। विविध गतिविधियों के जरिए संगठन के जिम्मेदार खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रहे हैं।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के जिला सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि ताइक्वांडो एसोसिएशन 13 साल से जिले में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रहा है। सभी ब्लाॅकों में संचालित प्रशिक्षण केंद्र बने हैं। जिला स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के खिलाड़ी तैयार किए गए हैं। इसमें 20 से अधिक संख्या में राष्ट्रीय और छह से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके हैं।
जिले में 12 नेशनल रेफरी और 30 से अधिक ब्लैक बेल्ट डिग्री प्राप्त कर चुके हैं। जिले के ताइक्वांडो खिलाड़ी बेसिक, माध्यमिक, सीबीएससी बोर्ड के राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग कर मेडल जीत रहे हैं। बीते 11 जुलाई से लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जनपद के 20 खिलाड़ी प्रतिभाग किए।
डिस्ट्रिक्ट खो-खो एसोसिएशन सचिव कुलदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष खो-खो खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक आयु वर्ग के जिला लीग प्रतियोगिताएं कराई जाती हैं। खो-खो खिलाड़ियों को प्रतिभावान बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बच्चों को ट्रेनिंग दी जा रही है। 2018 में नोएडा के अंतर्गत गौतम बुद्धनगर में आयोजित गौतम बुद्ध नगर स्टेट प्रतियोगिता में जनपद के 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रत्येक वर्ष लीग प्रतियोगिताओं के साथ अब जिला खो-खो एसोसिएशन प्रत्येक वर्ग 14 बालक बालिका, 16 बालक बालिका, 19 बालक, बालिका, 22 बालक, बालिका, स्टेट प्रतियोगिता कराने का प्रक्रिया चल रही है।
डिस्ट्रिक्ट खो-खो एसोसिएशन की ओर से अली राजा, दीपू, रोशन, संदीप, रेनू, जाकिर खिलाड़ियों ने विभिन्न स्टेट प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया है।