महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बभनौली माफी में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। यहां पर दिन में ओपीडी चलती है, लेकिन यहां पर कभी वार्ड बॉय, कभी फार्मासिस्ट मरीजों का इलाज करते हैं। इसके अलावा डॉक्टर रात्रि निवास नहीं करते हैं। इमरजेंसी में लोगों को 10 किलोमीटर दूर पीएचसी पनियरा जाना पड़ता है। जानकारी के अनुसार, पनियरा क्षेत्र में स्थित पीएचसी बभनौली माफी में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति दयनीय हो चुकी है। यहां पर दिन में ओपीडी तो संचालित होती है, लेकिन डॉक्टर समय से नहीं रहते हैं। रामनगर, बैदा, जर्दी, लाला बड़हरा, मुजुरी, मोहद्दीनपुर, तेंदुअहिया और माधोनगर जैसे गांवों के लोग इस पीएचसी पर इलाज के लिए आते हैं, लेकिन रात में कोई कर्मी या चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को पनियरा पीएचसी जाना पड़ता है। स्थानीय निवासी मनोज, विजय, लालू, संतोष, प्रमोद और बबलू ने बताया कि रात में किसी की तबीयत खराब होने पर इस केंद्र पर कोई सहायता नहीं मिलती। इस संबंध में सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि जिले के सभी पीएचसी पर मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा दी जा रही है। वर्तमान में दिन में ओपीडी संचालित होती है और 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं पनियरा पीएचसी पर उपलब्ध हैं। संवाद