रविवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज हर पल बदल रहा है। कभी सुबह बादल छा रहे हैं तो कभी धूप निकल रही है। हालांकि दोपहर में तेज गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को कभी धूप कभी छांव का सिलसिला चलता रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 12 घंटे के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। इन दिनों जिले में धान की रोपाई चल रही है। धान के लिए बारिश अमृत समान है और किसान बेसर्बी से इसका इंतजार कर रहे हैं। दूसरी तरफ धूप हल्का होने के कारण बाजारों में ग्राहकों की चहल कदमी देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि आने वाले दो दिनों में हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। उमस से राहत नहीं मिलने की संभावना दिख रही है।
हालांकि हवा की रफ्तार कुछ कम है, लेकिन लोग उमस भरी गर्मी से ही परेशान है। जिस तरह से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, इसका असर रात में भी पड़ रहा है। रात में भी लोगों को घरों में उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।