मौसमी बीमारियों की चपेट आ रहे लोग, ओपीडी में बढ़ी भीड़, प्रत्येक दिन आ रहे 800 से अधिक मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला अस्पताल की ओपीडी उमस भरी गर्मी के कारण मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। मौसमी बीमारियों से पीड़ित ज्यादा मरीज ज्यादा आ रहे हैं। डॉक्टर बचाव का उपाय बताने के साथ जरूरी दवा दे रहे हैं। शुक्रवार को ओपीडी में कोई पेट दर्द से पीड़ित पहुंचा तो कोई बुखार से कराहते हुए कतार में खड़ा होकर नंबर आने की प्रतीक्षा कर रहा था। प्रत्येक दिन ओपीडी में 800 से अधिक से मरीज आ रहे हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में ब्लड प्रेशर, शुगर और पेट दर्द के मरीज पहुंचे। डॉक्टरों के कक्ष के सामने मरीजों की लंबी कतार दिखी। पकड़ी गांव के रहने वाले नागेंद्र पेट दर्द से पीड़ित थे। बताया कि बीते आधे घंटे से कतार में खड़ा हूं। पेट में दर्द तेज हो रहा है। नंबर आने पर ही इलाज हो सकेगा। कतार में खड़ी सिसवा अमहवा गांव की रहने वाली बिंदू ने बताया कि कमर में दर्द हो रहा है। कतार में लंबे समय से खड़े रहने के कारण दर्द ज्यादा बढ़ गया है। उन्होंने अनुरोध किया तो उनका इलाज जल्दी कर डॉक्टर ने घर भेजा। सिसवा अमहवा गांव की मीना ने बताया कि पेट में दर्द हो रहा है। सर्दी और जुकाम भी है। बीते चार से दिन से जुकाम है, लेकिन शुक्रवार सुबह को अचानक पेट में दर्द शुरू हुआ तो जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचीं। यहां तो भीड़ के कारण काफी देर तक इंतजार करना पडा।
महराजगंज शहर के शास्त्री नगर मुहल्ले के लिए चंदू उमर ने बताया कि उमस भरी गर्मी में मौसमी बीमारी ज्यादा हो रही है। बुखार से शरीर तप रहा है। ज्यादा देर तक खड़ा रहने में परेशानी हो रही है। चार मरीजों के बाद मेरा नंबर आएगा तो डॉक्टर से दिखाने का मौका मिलेगा। ओपीडी में ही शिकारपुर की रहने वाली कुसुम परिसर में बैठकर अपना नंबर आने की प्रतीक्षा कर रहीं थीं। हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने आई थीं, लेकिन भीड़ के कारण इलाज कराने में परेशानी हुई।
फिजिशियन डॉ. जी चंद्रा ने बताया कि मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। सभी लोगों को अपनी सेहत के प्रति विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है। जरा सी लापरवाही बीमार कर सकती है।
डॉक्टर के टिप्स
- भोजन-पानी की साफ-सफाई का ख्याल रखना चाहिए
-फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करना चाहिए.
-अधपका या बासी खाना बिल्कुल नहीं खाना चाहिए
-मच्छरों से बचाव के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए