निचलौल। मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत मिठौरा गांव के टोला हड़तोड़वा में एएनएम सेंटर परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जिम्मेदारों की ओर से उक्त सड़क के निर्माण में बालू के जगह मिट्टी डाली जा रही थी। इसकी भनक ग्राम सचिव को लगी तो जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। जिम्मेदारों ने आनन फानन में मौके पर गिरी मिट्टी के ढेर को हटवाना शुरू कर दिया।
निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचे ग्राम सचिव अखिलेश द्धिवेदी ने कहा की मिठौरा गांव के टोला हड़तोडवा में एएनएम सेंटर परिसर में ग्राम पंचायत के राज्य वित्त से करीब साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से 40 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी बीच सूचना मिली की सड़क निर्माण में गिट्टी की पिटाई के बाद बालू डालने की जगह मिट्टी डाली जा रही है।
उक्त सूचना के बाद मौके पर पहुंच जिम्मेदारों की करतूत देख वह दंग रह गए। क्योंकि कई जगहों पर मिट्टी का ढेर लगाकर मजदूरों की मदद से गिट्टियों के ऊपर डाला जा रहा था। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य स्थल में मिट्टी को हटवा कर जिम्मेदारों को सख्त नसीहत दी गई। मिठौरा खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया की मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।