प्रतिदिन अब छह बसें दिल्ली के लिए नियमित चल रहीं, यात्री सुविधाएं बढ़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। रोडवेज यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। रोडवेज यात्रियों को अब दिल्ली पहुंचने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। रोडवेज यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने सोनौली बस डिपो से स्लीपर बस चलाने का फैसला किया है। रविवार से बस सेवा शुरू हो जाएगी। नेपाल से दिल्ली जाने वाले काफी यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
सोनौली बस डिपो ने रोडवेज यात्रियों के लिए दिल्ली जाने वाली बसों की संख्या में इजाफा किया है। पहले चार साधारण और एक एसी जनरथ दिल्ली रूट पर चल रही थी। अब 12 फरवरी से एक अनुबंधित एसी स्लीपर बस की शुरुआत होगी। इससे स्थानीय व्यापारियों ने काफी खुशी है।
व्यापारी सुभाष जायसवाल, नीरज कुमार, मनीष कुमार, मोहम्मद हनीफ ने बताया कि सोनौली डिपो से स्लीपर बस चलने से स्थानीय व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी। दिल्ली पहुंचने के लिए अब प्राइवेट वाहनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। रोडवेज यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने यह सुविधा दी है। भारत-नेपाल दोनों देशों के बीच बेहतर संबंध होने के कारण तमाम लोग रोजी-रोटी को लेकर वर्षों से दिल्ली जाते हैं।
बस चलने से फरेन्दा, नौतनवां, कोल्हुई आदि यात्रियों को फायदा पहुंचेगा। स्लीपर बस दिल्ली का किराया करीब 2,800 रुपये रखा है। जनरथ 2,100 और साधारण बस का किराया 1,400 के करीब है। सोनौली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश प्रसाद ने बताया कि यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए दिल्ली के लिए एसी स्लीपर बस रविवार से चलाई जाएगी। सोनौली से शाम चार बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। प्रतिदिन अब छह बसें दिल्ली के लिए नियमित चल रही हैं।