महराजगंज। निचलौल में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। किसी ने विकास कार्यों में धांधली तो किसी ने खतौनी में दूसरे का नाम दर्ज होने की शिकायत की। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
निचलौल क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी प्रभुनारायण अर्जी लेकर तहसील परिसर में मिले। उन्होंने बताया कि दूसरी बार शिकायत करने आया हूं। गांव में खेत है। विरोधियों ने मेड़ तोड़ दिया है। थाने से लेकर तहसील तक न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इस बार भी उम्मीद के साथ आया हूं। शायद न्याय मिल जाए। यह कहते हुए वह तहसील परिसर में अंदर चल गए।
इसी तरह से मिठौरा के राजेश्वर मणि ने पेड़ काटने की शिकायत की। यह भी दूसरी बार अर्जी लेकर आए थे। स्कूल परिसर से पेड़ काटने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मठिया गांव के राजाराम तो बेहद परेशान थे, क्याेंकि खतौनी में दूसरे का नाम चढ़ गया है। उन्होंने बताया कि पता नहीं कैसे हमारे नंबर की खतौनी में दूसरे का नाम दर्ज हो गया है।
इस समस्या को लेकर करीब छह बार शिकायत कर चुका हूं। शिकायती पत्र सौंपकर बाहर निकल रहे खरचौली गांव निवासी बकुुटमणि तिवारी मिले। उन्होंने बताया कि गांव में तमाम कार्य कराए गए हैं, लेकिन मानक के अनुसार नहीं हुए हैं। शिकायत करने पर सिर्फ जांच का आश्वासन मिलता है। इन फरियादियों की तरह से अन्य लोग भी समस्या लेकर पहुंचे थे। इसी तरह से सदर, फरेंदा व नौतनवा तहसील में अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही निस्तारित करने का प्रयास किया।
-
भूमि विवाद के तीन मामलों में मौके पर भेजी गई टीम
निचलौल। लोकसभा आम चुनाव के बाद पहला जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन निचलौल तहसील सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में हुआ। 67 मामलों में मौके पर ही 15 प्रकरणों को निस्तारित कर दिया गया। शेष का जल्द निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवाद के तीन मामलों में राजस्व और पुलिस की टीम को मौके पर भेजकर प्रकरण को निस्तारित करने के निर्देश दिए। तीनों मामले ग्राम टीकर, मेघौली खुर्द और निचलौल से संबंधित थे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, एसडीएम निचलौल मुकेश कुमार सिंह, सीओ निचलौल अनुज सिंह, पीडी रामदरश चौधरी, तहसीलदार निचलौल राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे।