महराजगंज। साहब! एसएसबी जवान हूं। श्रीनगर में तैनात हूं। चेहरी गांव का रहने वाला हूं। 40 डिस्मिल जमीन खरीदा था। उसका खारिज दाखिल कराया। अब विपक्षियों ने झोपड़ी डालकर कब्जा कर लिया है। 2020 से शिकायत कर रहा हूं। समस्या का समाधान करा दिजिए। विपक्षी हमेशा बवाल करते रहते हैं। बार-बार शिकायत से आजिज आ चुका हूं।
ये बातें एसएसबी जवान रामललित ने कही। छुट्टी लेकर घर आए तो जमीन से जुड़े विवाद की शिकायत लेकर शनिवार को सदर तहसील सभागार में जिलाधिकारी के पास पहुंचे। संपूर्ण समाधान दिवस पर तमाम फरियादी अगल-अलग समस्याएं लेकर आए थे। सभी ने क्रमश: अपनी समस्याएं सुनाईं। एसएसबी जवान की समस्या को सुनने के बाद जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित लेखपाल को तुरंत मौके पर भेजा। उन्होंने निर्देश दिया कि मौके की तस्वीर के बाद रिपोर्ट देकर समस्या का त्वरित समाधान करें। रामललित ने बताया कि वर्ष 2020 से लगातार शिकायत पत्र दे रहा हूं, लेकिन विरोधियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
इसी तरह से चेहरी खास गांव के 76 साल के राजकुमार ने भी जमीन से जुड़ी शिकायत की। उन्होंने बताया कि दबंगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। एक साल से ज्यादा का समय बीत गया, लेकिन कानूनगो और लेखपाल ध्यान नहीं दे रहे हैं। 45 डिस्मिल जमीन पर विरोधियों ने कब्जा किया है। बागापार गांव के रहने वाले झिनकू ने बताया कि 10 साल से भटक रहा हूं। पत्थर नसब का फैसला होने के बाद भी लेखपाल ध्यान नहीं दे रहे हैं। 92 डिस्मिल खेत पर विरोधी कब्जा किए हैं। तहसील का चक्कर लगाते लगाते आजिज आ चुका हूं। इसी तरह से हरखी गांव के रामकिशुन भी तहसील सभागार में परेशान दिखे। अर्जी लेकर जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताने जा रहे थे। रामकिशुन ने बताया कि 11 साल से रास्ते के लिए दौड़ रहा हूं। विरोधियों ने रास्ते पर कब्जा कर लिया है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही हैं। फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को समाधान करने के निर्देश दिए।
गांव की सुरक्षा के लिए कटान रोकने की मांग
नौतनवा। तहसील सभागार नौतनवा में उपजिलाधिकारी मुकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों से कुल 144 मामले आए। इसमें से नौ मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
महदेईया गांव के गौरी शंकर यादव ने बताया कि मिश्रौलिया में निर्माणाधीन रोहिन बैराज के पश्चिम महदेईया गांव का पछुडिहवा टोला स्थित है। रोहिन नदी के कटान से यह टोला नदी में विलीन होने के कगार पर है। यदि कटान से बचाव के लिए कोई कार्य नहीं किया गया तो यह टोला रोहिन नदी की कटान से नदी में विलीन हो जाएगा। उन्होंने गांव की सुरक्षा के लिए कटान रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। अमहवा गांव के लक्ष्मण ने बताया कि पहले किसान सम्मान निधि मिलती थी लेकिन अब नहीं मिल रहा है। बैकुंठपुर गांव के ब्रह्मानंद ने रास्ते की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है।
लेखपाल का वेतन रोकने और डीपीआरओ को चेतावनी जारी करने का निर्देश
महराजगंज। जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सदर तहसील सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में हुआ। 33 मामलों में तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने हरखपुरा निवासी इरफान द्वारा सीमांकन के लिए उपजिलाधिकारी सदर के 21 जुलाई 2023 के आदेश का अनुपालन अब तक न किए जाने की शिकायत पर संबंधित लेखपाल का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्राम पड़वनिया, ब्लॉक मिठौरा निवासी पन्नालाल के चौदहवें और पंद्रहवें राज्यवित्त में जांच अधिकारी के जांच आख्या पर कोई कार्रवाई न किए जाने की शिकायत की डीपीआरओ को चेतावनी जारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ, एसडीएम डॉ.पंकज कुमार, एसडीएम सुधीर कुमार, तहसीलदार सदर राजेश कुमार मौजूद रहे।संवाद