साहब! रास्ते की जमीन से कब्जा हटवा दीजिए, परेशानी होती है
संपूर्ण समाधान दिवस : मिठौरा गांव के राजाराम ने जिलाधिकारी को सुनाई समस्या
महराजगंज। साहब! रास्ते की जमीन से कब्जा हटवा दीजिए। आने जाने में परेशानी होती है। कब्जा करने वालों पर केस भी दर्ज हो चुका है। लेकिन, रास्ता नहीं मिल रहा है। विपक्षी रास्ते की जमीन पर निर्माण करने की कोशिश में जुटे में हैं। शिकायत कई बार की गई। लेकिन, समस्या दूर नहीं हुई।
यह कहना है मिठौरा गांव के रहने वाले राजाराम का। वह शनिवार को सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के सामने हाथ जोड़कर अपनी समस्या बता रहे थे। उनकी समस्या सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को जरूरी दिशा निर्देश दिया। राजाराम ने गांव से तमाम लोगों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र को जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि रास्ते से कब्जा हटवाकर रास्ता बहाल कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि विपक्षियों पर केस भी दर्ज है, लेकिन रास्ते से कब्जा नहीं हट सका है।
------
पांच माह में 40 प्रार्थना पत्र देने के बावजूद नहीं मिला न्याय
नौतनवां। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा चकदह टोला बेलहिया की निवासी लालती ने संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार मुकेश कुमार सिंह को पत्र सौंपा। दरवाजे के सामने रखे गए भगवान बुद्ध एवं भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को हटवाने की मांग की। लालती ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा पांच माह पूर्व उनके घर के सामने भूमि पर भगवान बुद्ध एवं भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा रख दी गई और अब उन्हें बाकी बची भूमि पर भी कब्जा करने से उक्त लोगों द्वारा रोका जा रहा है। महिला का कहना है कि पांच माह में सभी तहसील दिवस एवं आईजीआरएस व अन्य पटलों के माध्यम से करीब 35 से 40 बार प्रार्थना पत्र दी। लेकिन, आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। तहसीलदार मुकेश कुमार सिंह का कहना है कि मौके की जांच कराकर महिला को न्याय दिलाया जाएगा। संवाद
लेखपाल को निलंबित, कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील सदर में हुआ। 75 मामले आए जिनमें जिलाधिकारी ने 25 मामलों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया। शेष मामलों को उन्होंने शीघ्रतापूर्वक निस्तारित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक मामले को अधिकारी गंभीरता से लें और उनका निस्तारण नियमानुसार व समय से करें। तहसीलदार सदर राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तीन टीमों का गठन कर कतरारी, परतावल व पनियरा के मामलों के निस्तारण के लिए रवाना कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने घुघली लेखपाल राकेश सीतामढ़ी द्वारा पैसे मांगने की शिकायत आने पर उपजिलाधिकारी सदर को निलंबन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया जबकि कानूनगो भिटौली रामसजीवन वर्मा को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का आदेश दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, उप जिलाधिकारी निचलौल मो. जसीम आदि मौजूद रहे। नौतनवां में 49 मामलों में पांच मामला निस्तारित हुआ। निचलौल में 31 मामले आए जिसमें तीन निस्तारित हुए। फरेंदा में 71 में सात मामले मौके पर निस्तारित कर दिए गए। संवाद