- ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत भुगतान में शिथिलता पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े गांवों में भुगतान की धीमी प्रगति पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने 23 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एक सप्ताह में प्रगति 80 प्रतिशत से अधिक करने व उसका विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा है। अन्यथा की स्थिति में उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के सुधार की दिशा में ग्राम पंचायतों को चयनित करते हुए कार्य कराया जा रहा है। धन की उपलब्धता के बाद भी दायित्वों का ठीक ढंग से निर्वहन न करने एवं सुस्त भुगतान की रफ्तार को देखते हुए ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिन सचिवों को नोटिस किया गया है उनमें घुघली ब्लॉक के चौमुखा, बारीगांव, रामपुर बल्हीहा व मेदनीपुर, सदर ब्लॉक के बागापार, करमहा व चेहरी, फरेंदा ब्लाॅक के लेजार महदेवा, लक्ष्मीपुर ब्लॉक के एकमा, मिठौरा ब्लॉक के पनेवा-पनेई, मधुबनी, खजुरिया, पतरेंंगवा व मिठौरा, धानी ब्लॉक के नौसागर व कानापार, परतावल ब्लॉक के बसहिया बुजुर्ग व बड़हरा बरईपार, बृजमनगंज ब्लॉक के मिश्रवलिया, दुबौलिया व पिपरा परसौनी एवं पनियरा ब्लॉक के डिंगुरी व सतगुरु का नाम है। सभी को एक सप्ताह में प्रगति को सुधारने को कहा गया है।
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन में भुगतान में शिथिलता पर 23 ग्राम सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी।
यावर अब्बास, जिला पंचायत राज अधिकारी