अड्डा बाजार। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवा थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव में सड़क चौड़ीकरण की जद में आए घरों को तोड़ने के बाद कार्यदाई संस्था पीएनसी ने खुदाई करके साल भर से छोड़ दिया है। घर व दुकानों के सामने गड्ढा होने के कारण लोगों को सड़क पर आने-जाने में परेशानी हो रही है। व्यापार चौपट हो चुका है। बरसात में पानी भरने से समस्या और बढ़ गई है। घर टूटने के बावजूद अभी तक बड़ी संख्या में लोग मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं। सड़क किनारे विजय मद्धेशिया की कपड़े की दुकान है। इसी घर में परिवार भी रहता है। आगे का हिस्सा टूट चुका है। सड़क से दुकान तक पहुंचने के लिए पतला सा पैदल जाने का रास्ता है, अगल-बगल जलभराव है। उन्होंने बताया कि अभी मुआवजे का 1.70 लाख रुपए मिलना बाकी है। घर टूटने के साल भर पहले कार्यदाई संस्था पीएनसी ने जेसीबी से खुदाई करवाकर छोड़ दिया है। गड्ढे में बरसात का पानी भरा हुआ है। ग्राहक दुकान तक आने से कतराते हैं। अपने ही घर में रेडीमेड दुकान चलाने वाले सोहन कुमार मद्धेशिया ने बताया कि मुआवजे का 1.07 लाख रुपए मिलना बाकी है। घर के सामने खुदाई के बाद से निर्माण ठप है। घर और सड़क के बीच की खाई व्यापार के लिए बहुत बड़ी बाधा बन गई है। उन्होंने बताया कि गांव में 17 लोगों को मुआवजा मिलना बाकी है। किराना दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि जिम्मेदारों की लापरवाही से व्यापार चौपट हो चुका है। घर भी टूट गया और अभी तक पूरा मुआवजा नहीं मिला है। जिस तेजी से खुदाई हुई, उसी तेजी से सड़क का निर्माण होता तो व्यापार ठीक रहता। दुकान तक आने-जाने का मार्ग नहीं होने के कारण ग्राहक आना नहीं चाहते हैं।