बढ़या मुस्तकिल गांव में युवक के घर को घेरने के दौरान ग्रामीणों की जुटी भीड़।संवाद
वन विभाग से शिकायत करने पर नाराज थे, गांव में घंटों मची खलबली
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के बढ़या मुस्तकिल गांव में शुक्रवार की देर शाम को उस वक्त खलबली मच गई जब कुछ भैंस चरवाहों ने लाठी-डंडों के साथ एक युवक का घर को चारों तरफ से घेर लिया। युवक घंटों घर में दुबका रहा। गांव के कुछ लोगों के समझाने के बाद चरवाहे युवक के घर से हटे। भैंस चरवाहों की दबंगई देखकर ग्रामीण घंटों सहमे रहे।
इस मामले में पीड़ित भरत सिंह ने शनिवार को थाने में तहरीर देकर चरवाहों पर कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि कुछ चरवाहों ने निचलौल रेंज के जंगल में रहने का अस्थयी ठिकाना बना लिया है और छोटे पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसकी शिकायत वन विभाग के कर्मियों से की थी। इसके बाद वन विभाग ने चरवाहों पर शिकंजा करना शुरू कर दिया।
इस बात से नाराज चरवाहों ने लाठी-डंडों के साथ गोलबंद होकर जानलेवा हमला बोलने के लिए घर को चारों तरफ से घेर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
...
पहले भी दंपती पर बोल चुके हैं हमला
भैंस चरवाहों की दबंगई का यह कोई नया मामला नहीं है। 16 अप्रैल को भी बढ़या मुस्तकिल गांव के टोला गेठिहवा सिवान में फसल बर्बाद होने की शिकायत पर चरवाहों ने दंपति मुसाफिर और मफिदू निवासी बढ़या मुस्तकिल को लहूलुहान कर दिया था। इस प्रकरण में पुलिस ने केस दर्ज किया था।