संदिग्ध परिस्थितियों में हुई घटना, आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया बिचला टोला की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार (महराजपुर)। कोठीभार थाना क्षेत्र के सबया बिचला टोला में मंगलवार सुबह महिला की दो साल की बेटी के साथ घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। महिला सात माह की गर्भवती थी। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है। महिला के मायके वालों ने ससुरालियों पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पेट में पल रही अजन्मी बच्ची समेत तीन की मौत की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
सबया निवासी संदीप टाइल्स लगाने का काम करता है। उनकी पत्नी गीता देवी और दो साल की बेटी अर्पिता घर पर थीं। सुबह करीब 11 बजे अचानक उनके घर से आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर भीड़ जुट गई। लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। घर के भीतर जाने पर सात माह की गर्भवती गीता और बच्ची अर्पिता की जलने से मौत हो चुकी थी। सूचना पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सूर्यबली मौर्य और उप जिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। सबूत जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। घर में आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। थानाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।