चर्म रोग विशेषज्ञ के साथ ही सर्जन, फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ की लगी ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला अस्पताल के सात विशेषज्ञ डॉक्टरों को एक दिन के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा दो टेली मेडिसिन के चिकित्सकों को सात दिन के लिए तैनात कर दिया गया है। जबकि लंबे समय से लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थियेटर बनकर तैयार है। डॉक्टरों के अभाव में इसका संचालन नहीं हो पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी, नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. केके चौधरी, डॉ. जीचंद्रा फिजिशियन, आलोक पांडेय चेस्ट फिजिशियन, डॉ. आरआर राय सर्जन, डॉ. रंजन मिश्रा बाल रोग विशेषज्ञ, डॉ. हरीश नेत्र रोग विशेषज्ञ को सप्ताह में एक दिन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक में सेवा देना होगा।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार सिंह को दो दिन के लिए तैनात किया गया है। टेली मेडिसिन के लिए डॉ. कुंदन कुमार झा व डॉ. संदीप मद्धेशिया को तैनात किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिला अस्पताल से 10 डॉक्टरों की चौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी लगाई गई है। दो चिकित्सक सात दिन, सात चिकित्सक एक दिन व एक को दो दिन के लिए तैनात किया गया है।