- नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र में छठ पर्व पर दिखा आस्था व उत्साह
- छठ के मधुर गीतों के बीच महिलाओं ने डबूते हुए सूर्य को दिया अर्घ्य
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सेनुरा सजवले रहीं हे छठी मईया, रउवें में लागल बा आस हो..., जोड़े-जोड़े फलवा, सूरूज देव घटवा पे तीवई चढ़ावेले हो, जल बीच खड़ा होई दर्शन ला असरा लगावेले हो..., कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए... छठ गीत गाती महिलाएं अपने परिवार के साथ दोपहर में घाट पर पहुंची। शहर से लेकर गांव तक बने घाटों पर व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर मंगल कामना की। शाम से ही छठ घाट प्रज्ज्वलित किए गए दीयों से जगमग रहा।
छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं व उनके परिवार के सदस्यों ने सुबह से लेकर दोपहर तक ठेकुआ आदि प्रसाद बनाया। दोपहर बाद व्रती व उनके परिवार के सदस्य तैयार होकर पूजा सामग्रियों के साथ छठ घाट पहुंचे। छठ घाट पर महिलाओं व अन्य व्रतियों ने शाम को नगर के बलिया नाला , जिला उद्योग केंद्र, पिपरदेउरा, गांधी नगर, अमरुतिया, चिऊरहां, धनेवा-धनेई, महुअवां, चौपरिया समेत जिले के सभी छठ घाटों पर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। अर्घ्य अर्पित करते हुए सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। घाटों के आसपास मेले जैसा दृश्य नजर आया।
-
आम हो या खास सभी ने पर्व में लिया हिस्सा
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया पत्नी सुनीता कन्नौँजिया के साथ बलिया नाला पर छठ पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। जिलाधिकारी अनुनय झा अपनी मां अलका झा के साथ राममनोहर लोहिया पार्क में बने सरोवर पर छठ पूजा में मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पलता मंगल व अधिशासी अधिकारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल ने भी गांधीनगर व पिपरउेदरां के छट घाट पर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक - चौबंद रखा गया था। पुलिस विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ पुरुष व महिला पुलिसकर्मी हालात पर नजर बनाए रखे।
-
ग्रामीण इलाकों में भी छठ में उत्साह
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार सूर्य देव के उपासक छठ पर्व पर बेहद उत्साहित दिखे। डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी कालेज छठ घाट, भुंडी छठ घाट, दोमुहान छठ घाट, गौशाला स्थित छठ, रेलवे स्टेशन के पास शास्त्री नगर स्थित छठ घाट पर व्रती महिलाओं ने सूर्य को अर्घ्य दिया। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार दुर्गा मंदिर मानसरोवर व प्रेम पोखरा के साथ बनकटी पोखरा, मथुरानगर, परसामहंथ, सिधवारे, हरदीडाली पोखरे,उदितपुर इंटर कालेज पोखरा पर व्रती महिलाओं ने पूजा की। सिसवा प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के पोखरा टोला घाट, श्रीराम जानकी मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं का हुजूम जुटा। चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के चौक बाजार, नाथनगर, सोनाड़ी खास, महेशपुर, धर्मपुर, गौंनरिया राजा, लालपुर, दरहटा, मठिया की महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। ठूठीबारी प्रतिनिधि के मुताबिक ठूठीबारी, शांति नगर, मरचहवां, कालीगंज, सडकहवां, धरमौली, सोबडा, बैरिअहवां में स्थित छठ घाटों पर पर्व को मनाया। मिठौरा प्रतिनिधि के मुताबिक मिठौरा, भागाटार,जगदौर, सिंदुरिया, बरोहिया, पतरेंगवा, रामपुरमीर, मोहनापुर पर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। मिठौरा के छठ घाट पर मेला भी लगा। घुघली प्रतिनिधि के मुताबिक छोटी गंडक के बैकुंठी घाट, त्रिमुहानी व बालाक्षत्र घाट पर अर्घ्य दिया। खनुआ प्रतिनिधि के मुताबिक हरदीडाली, कैथवलिया उर्फ बरगदही, खनुआ, शेख फरेंदा, बरगदवा उर्फ गनवरिया,महुअवा में व्रतियो ने सूर्य की पूजा की। परसा मलिक प्रतिनिधि के मुताबिक निपनिया ,महुलानी, सेखुआनी,महरी,तरैनी,दोगहरा, बिशुनपुरा लुठहवा, मिश्रवलिया, घोड़हिया में महिलाओं ने अर्घ्य दिया। पनियरा प्रतिनिधि के मुताबिक नगर पंचायत पनियरा, बसडीला, बड़वार, मुजुरी समेत अन्य गांवों में व्रतियों ने छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। धानी के बंगला चौराहा, ढोढघाट, बेलसर, सिकड़ा मंदिर समेत अन्य स्थलों पर व्रतियों ने डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। सोनौली में भी व्रतियों ने बढ़-चढ़ कर पूजा की। अड्डा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक नई कोट, परसौनी कला, गजरही पोखरी समेत अन्य स्थलों पर महिलाओं ने छठ पर्व को धूमधाम से मनाया। निचलौल के दामोदरी पोखरा समेत अन्य स्थलों पर भी व्रतियों ने पूरे मनोयोग से पूजा किया। बृजमनगंज, कोल्हुई आदि स्थलों पर पर्व को लोगों ने पूरी श्रद्धा के साथ मनाया।
-
परसा खुर्द में अधिकारी रहे मौजूद
परसा खुर्द में संवेदनशील स्थिति को देखते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर, खंड विकास अधिकारी परतावल, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी व नायब तहसीलदार सदर तैनात रहे। इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने शाम के कार्यक्रम को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराया।
-
सात घाटों पर तैनात रहे मजिस्ट्रेट
पचरूखिया में जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, लक्ष्मीपुर देउरवां में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम डॉ. विनोद वर्मा, बलिया नाला पुल पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, उद्योग चौराहे पर अभिहीत अधिकारी बृजेंद्र शर्मा, श्यामदेउरवां के ग्राम छातीराम में उप कृषि निदेशक रामशिष्ट, लक्ष्मीपुर जरलहिया में जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह व तरकुलवा भटगांवा में जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास तैनात रहे। 25 जगहों पर लेखपाल से लेकर तहसीलदार स्तर तक के जिम्मेदारों को हालात पर नजर बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
-
जेल में सात महिलाओं ने की छठ पूजा
कारागार मेें रहने के बाद भी सात महिलाओं ने अपनी आस्था को प्रदर्शित किया। जेल अधीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि जेल परिसर में की गई व्यवस्था के तहत महिलाओं ने पूजन-अर्चन किया तथा डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हुए परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
-
किन्नरों ने रखा छठ पर्व उपवास
ठूठीबारी। सूर्य उपासना छठ महापर्व पर ठूठीबारी कस्बे के सडकहवां में रहने वाले किन्नरों ने भी छठ पर्व पर उपवास रखा। सडकहवा निवासी पूनम किन्नर अपने किन्नर साथी अंशिका, चांदनी ,लक्ष्मीना,नाजमा, अंजलि के साथ नाचते गाते गाजे बाजे के साथ चंदन नदी छठ घाट पर पहुंची। पूनम किन्नर ने बताया कि 22 वर्षों से हम सूर्य उपासना काप छठ व्रत रख रही हूं।