जिला गन्ना अधिकारी ने विभागीय कर्मियों व मिल के महाप्रबंधक के साथ बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। अच्छी पैदावार के लिए पहचानी जाने वाली 0238 प्रजाति के गन्ने की बुआई पर किसान अधिक जोर न दें। यह फसल लाल सड़न से न सिर्फ प्रभावित हो रही है, बल्कि किसानों को उससे काफी क्षति हो रही है। इसके बजाए किसान 14201, 8235 व 15023 प्रजाति के गन्ने के बीज का प्रयोग करें व अच्छी पैदावार पाएं। विभागीय कर्मी व मिल के महाप्रबंधक किसानों को इस बारे में जागरूक करें। ताकि उन्हें क्षति से बचाया जा सके।
ये निर्देश जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह यादव ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय कर्मियों व मिल के महाप्रबंधक के साथ बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि समिति व परिषद के लोग किसानों को बताएं कि वसंतकालीन बुआई से पहले खेतों में ट्राइकोडर्मा का छिड़काव करें। किसानों को विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के बारे में भी बताया जाए। ताकि वे उसका लाभ उठा सकें। मिल के महाप्रबंधक को निर्देशित किया कि वह किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में तेजी दिखाएं। इस दौरान सिसवा के महाप्रबंधक कर्मवीर सिंह, ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक टीपी सिंह, प्रेमनाथ समेत अन्य लोग मौजूद रहे।