सुकरौली गांव में डेंगू का दूसरा मरीज मिला
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 116 लोगों की जांच की
नौतनवां। क्षेत्र के गांव सुकरौली में डेंगू का दूसरा मरीज मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। जानकारी मिलने पर शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने गांव में पहुंचकर 116 ग्रामीणों की जांच की। ब्लड की स्लाइड बनाई और गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव तथा फागिंग कराया गया।
जानकारी के मुताबिक सुकरौली गांव में शनिवार को रहीमा (35) डेंगू पॉजिटिव मिली। डेंगू का दूसरा मरीज मिलने से गांव के लोगों में दहशत है। जानकारी मिलने पर सहायक मलेरिया आधिकारी अनिल कुमार, मलेरिया निरीक्षक अक्षय कुमार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर से स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने गांव पहुंचकर मरीज के परिजनों तथा आसपास के लोगों का जांच की।
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक अभय कुमार चौधरी ने बताया कि कुल 116 लोगों का जांच कर स्लाइड बनाई गई है। लोगों को संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। बता दें कि बीते बुधवार को भी 33 वर्षीय गुलाम हैदर डेंगू पॉजिटिव मिले थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर के अधीक्षक डॉ. अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि डेंगू पॉजिटिव मरीज पाया गया। मौके पर स्वस्थ्य कर्मियों ने जांच कर दवा का छिड़काव की।