सोनौली। भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर के मुख्य मार्ग पर स्थित एक स्कूल के पास रविवार की रात करीब नौ बजे एसडीएम नौतनवा कस्टम और सोनौली पुलिस ने संदिग्ध गोदाम पर छापा डाला। कपड़े से भरे गोदाम को सील कर दिया।
एसडीएम नौतनवा नंद प्रकाश मौर्य ने बताया कि एक कंपनी के नाम से यह गोदाम बनाया गया है। यह गोदाम पूरी तरह से कपड़ा सहित अन्य सामान से भरा है। 2021 के बाद से कंपनी के नाम से कोई भी जीएसटी जमा नहीं की गई है। गोदाम में अवैध तरीके से सामान डंप कर नेपाल भेजने की सूचना मिल रही थी। रविवार की देर शाम को तहसीलदार नौतनवा सोनौली पुलिस और कस्टम की सयुक्त टीम द्वारा छापा डाला गया। सामान की जीएसटी न दिखा पाने के आरोप में अवैध समान मानते हुए गोदाम सील कर दिया गया। संबंधित विभाग को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।