गड़ौरा चीनी मिल में कार्यरत नौ मिल कर्मचारियों को निकाले जाने से नाराज मिल के अन्य कर्मचारी डेढ़ माह से काम काज ठप कर धरने पर बैठे हैं। सोमवार की सुबह लगभग 11बजे निचलौल एसडीएम जितेंद्र कुशवाहा गड़ौरा चीनी मिल परिसर में पहुंचकर हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को पर्सनल मैनेजर कार्यालय में बुलाकर वार्ता की। बातचीत के दौरान कर्मचारियों के तीन माह का बाकी वेतन तथा मिल से निकाले गये नौ मिल कर्मचारियों के काम पर वापसी करने की बात कही। इस संबंध में कोई निर्णय निकलता न देख सभी कर्मचारी मिल प्रबन्धन तथा शासन प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारेबाजी करते हुए कार्यालय से बाहर निकल आए। मिल यूनियन अध्यक्ष अनिल मिश्र का कहना है की एसडीएम हड़ताल पर बैठे मिल कर्मचारियों से तीसरी बार बात कर चुके हैं लेकिन कर्मचारियों की मांग पर ध्यान न देकर मिल के तरफ से काम करने के लिए दबाव बना रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी धरना जारी रहेगा।