- 10 प्रतिशत माध्यमिक विद्यालयों में ही दिखी सक्रियता, 90 फीसदी विद्यालयों में नहीं दिख रही रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वच्छता की प्रेरणा के लिए जिले के माध्यमिक विद्यालयों में गठित होने वाले स्वच्छ सारथी क्लब का बुरा हाल है। अभी तक बमुश्किल 10 प्रतिशत विद्यालयों में ही क्लब गठित हो सके हैं। अभी भी 90 प्रतिशत स्कूलों में क्लब का गठन नहीं हो सका है। इससे स्वच्छता अभियान को भी झटका लगा है।
जिले मेें 29 राजकीय, 39 सहायता प्राप्त एवं 192 वित्तविहीन माध्यमिक स्कूल हैं। इनमें अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वच्छता संबंधी गतिविधियों से जोड़ने व समाज को प्रेरित करने के स्वच्छ सारथी क्लब के गठन का निर्देश दिया गया था, मगर अब तक अधिकांश विद्यालयों ने क्लब गठन में रुचि नहीं दिखाई है। लगभग 10 प्रतिशत विद्यालयों में गठन की प्रकिया को पूरा कराने का कार्य कर लिया गया है। शेष विद्यालयों को गठन में तीव्रता दिखानी होगी।
इन विद्यालयों में गठन की पूरी है प्रक्रिया
राजकीय इंटर कॉलेज पनियरा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आनंदनगर, नौतनवां व धनेवा, जीएसवीएस इंटर कॉलेज, राजकीय हाईस्कूल बेलटिकरा, सिहंपुर, अराजी जगपुर व बरवां राजा के साथ ही अन्य सहायता प्राप्त व वित्तविहीन विद्यालयों में गठन की प्रकिया पूरी हुई है। इनकी ओर से स्वच्छता के विकास की पहल होगी।
-
पांच सदस्यीय क्लब में इन्हें करना है शामिल
माध्यमिक विद्यालयों में गठित होने वाले स्वच्छ सारथी क्लब में विद्यालय के प्रधानाचार्य अध्यक्ष होंगे। इसके साथ ही एक शिक्षक को सचिव, विद्यालय प्रबंध समिति के एक प्रतिनिधि, दो अभिभावकों व कक्षा नौ से 12 तक के एक-एक विद्यार्थी को सदस्य के रूप में रखा जाएगा। हाईस्कूल स्तर तक चलने वाले स्कूलों में नौ व दस के विद्यार्थी को रखने का निर्देश है।
-
स्वच्छता सारथी क्लब का गठन सभी माध्यमिक स्कूल में करना है। जिन संस्थानों ने गठन नहीं किया गया है वे दो दिन में गठन करते हुए उसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराने का कार्य करें।
-अमरनाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक