देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में सरदार पटेल की भूमिका अहम
महराजगंज। देश की आजादी लाखों लोगों के संघर्ष व बलिदान का परिणाम है। देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने में सरदार वल्लभ भाई पटेल की अहम भूमिका है। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते सभी का दायित्व है कि वे देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
ये बातें जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे कार्य से बचना चाहिए, जो देश की एकता व अखंडता के विरुद्ध हो। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी शालिग्राम, अपर एसडीएम मदन मोहन वर्मा, सूचनाधिकारी प्रभाकर मणि, श्रीनाथ धर दूबे समेत कलेक्ट्रेट के अन्य कर्मी मौजूद रहे। विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाते हुए अपना विचार रखा।
इसी प्रकार पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के साथ ही अन्य कार्यालयों में विभागीय अधिकारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। धनेवा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाल समेत अन्य शिक्षकों ने पटेल जयंती मनाई। पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में स्कूली बच्चों की ओर से रन फार यूनिटी का आयोजन हुआ जिसमें एनसीसी कैडेट व विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रैली को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही धनेवा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज, महराजगंज इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में सरदार पटेल की जयंती मनाई गई। नगर के पटेल धर्मशाला में भी आयोजित जयंती कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह व वीरेंद्र चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास, अतुल पटेल आदि ने हिस्सा लिया व अपने विचार रखे। जिले के कांग्रेसियों ने भी सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें याद किया।
---------------------------------------
ग्रामीण क्षेत्र में भी धूमधाम से मनी पटेल जयंती
चौक प्रतिनिधि के मुताबिक दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में सोमवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव, शिक्षक अरविंद कुमार डॉ. सरोज रंजन, शैलेश पटेल आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। ठूठीबारी प्रतिनिधि के मुताबिक बरगदवां बाजार स्थित इंदर प्रसाद चौधरी जनजातीय आदर्श इंटरमीडिएट कालेज में दौड़, साइकिल रैली, कबड्डी, खो-खो, वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। परतावल प्रतिनिधि के मुताबिक नगर पंचायत परतावल में आयोजित जयंती कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह व कर्मियों ने अपना विचार रखा। ब्लॉक कार्यालय में भी खंड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा,संदीप सिंह, रामप्रताप यादव आदि ने पटेल जयंती पर विचार रखा।
सिंदुरिया प्रतिनिधि के मुताबिक कंपोजिट विद्यालय धनेवा-धनेई में सरदार पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई ।स्कूली बच्चों ने खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक सुचिता मिश्रा समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
नौतनवां प्रतिनिधि के मुताबिक विश्वम्भर नाथ जनता इण्टर कालेज रतनपुर के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार पांडेय तथा शिक्षकों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सशस्त्र सीमा बल भगवानपुर बीओपी इंचार्ज समरजीत सिंह ने सरदार बल्लभ भाई पटेल के जीवन के बारे में बच्चों को विस्तृत रूप से जानकारी दी। पनियरा प्रतिनिधि के मुताबिक सोमवार को पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय जड़ार में पटेल जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पटेल ने अपना विचार व्यक्त किया। ठूठीबारी स्थित स्वामी विवेकानंद इंटरमीडिएट कॉलेज में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रबंधक नन्द प्रसाद चौधरी एवं प्रधानाचार्य मोहन प्रसाद चौधरी ने अपना विचार रखा। खो-खो प्रतियोगिता में अंकिता पटेल व जलेबी प्रतियोगिता में काजल कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया। संचालन शिक्षक धनन्जय सिंह ने किया। खनुआ प्रतिनिधि के मुताबिक सशस्त्र सीमा बल दोमुहानघाट के कार्यवाहक कमांडेंट अभिनव कुमार सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता दौड़ कर स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया।
-------------------------------------
शहादत दिवस के रुप में मनी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि
जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी कार्यालय पर सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रुप में मनाई। उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित करते हुए जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने कहा कि देश को परमाणु संपन्न राष्ट्र के रुप में स्थापित करने व हरित क्रांति को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है। कार्यालय प्रभारी सुहेल अहमद, जयंती प्रसाद मौर्य, गोपाल शाही, विनोद सिंह, अनवर अली, नुरुलहोदा रायनी, कपिलदेव शुक्ला, शिवशंकर वर्मा, विराजवीर अभिमन्यु आदि ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने का कार्य किया।
---------------------
देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया
फरेंदा। भारत को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती क्षेत्र में धूमधाम से मनायी गई। जहां उनके चित्र पर माल्यार्पण कर अखंड भारत में उनके योगदान पर चर्चा की गई।
गनेशपुर के आधारशिला वृद्धाश्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को आत्मसात करने की बात कही। प्रबंधक प्रदीप कटियार ने कहा कि लौह पुरूष ने पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया था। परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कालेज मथुरानगर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनाई गई। प्राचार्य डॉ अशोक भारतीय, अरूण कुमार सिंह आदि रहे। झिनकी देवी स्मारक पीजी कालेज में लौह पुरूष की जयंती मनाई गई। जहां पर प्रबंधक फूलचंद यादव व प्राचार्य एके शर्मा ने उनके विचारों को आत्म सात करने की बात कही। पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के आवास पर भाजपा नेता विवेक पांडेय के साथ कार्यकर्ताओं ने लौह पुरूष की जयंती मनायी गई।