महराजगंज। रात आठ बजे के बाद महराजगंज डिपो से गोरखपुर जाने के लिए बसें नहीं मिल रही हैं। बस न मिलने के कारण यात्रियों को भटकना पड़ रहा हैं, अन्यथा गोरखपुर जाने के लिए निजी बस व मैजिक जैसे वाहनों की तलाश में परेशान होना पड़ रहा है। अगर यात्रा रोडवेज बस से ही करनी है तो इस समय के बाद यात्री को अगले दिन का इंतजार करना पड़ेगा।
यात्री अगर रात के समय महराजगंज से गोरखपुर जाना चाह रहे हैं तो नहीं जा पाएंगे। क्योंकि, रोडवेज बसें यहां से रात आठ बजे के बाद नहीं चलतीं। परेशानी से बचने के लिए यात्रियों को निजी वाहनों से जाना पड़ता है या फिर महंगे रेट पर गाड़ी बुक करनी पड़ती है। पिछले दो दिन से यात्री बस के लिए उक्त समय पर रोडवेज परिसर में भटकते देखें जा रहे हैं। जानकारी होने के बावजूद विभागीय मौन है। बुधवार को रात में परिवार सहित गोरखपुर जाने के लिए बस का इंतजार करते सुनील मिल गये। बताया कि वह बीमार चल रहे एक रिश्तेदार को देखने आए थे। अब गोरखपुर लौटना है लेकिन आठ बजे से यहां कोई बस ही नहीं बताई जा रही जो गोरखपुर जाएगी। सबरें आलम और अजीजुर्रहमान ने भी यही समस्या बताते हुए कहा कि लगता है चौराहे से मैजिक जो गोरखपुर जाती है उसे ही पकड़ना पड़ेगा। समय से गोरखपुर नहीं पहुंच सके तो ट्रेन भी नहीं मिल पाएगी।