महराजगंज। पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जा रहे चौक व रामग्राम में व्यवस्थाओं के सुधार की दिशा में भी तेजी से प्रयास हो रहा है। पर्यटकों को वहां पहुंचने में किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने चौक से रामग्राम तक की सात किलोमीटर सड़क को सात मीटर चौड़ा करेगा। इस पर 23 करोड़ 50 लाख खर्च करेगा।
चौक का वन क्षेत्र प्राकृतिक रूप से काफी सशक्त है। चौक पर गुरु गोरक्षनाथ मंदिर के साथ ही सोनाड़ी देवी मंदिर धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है। यही नहीं सोनाड़ी देवी मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित रामग्राम के बारे में भी मान्यता है कि गौतम बुद्ध की अस्थियों का आठवां हिस्सा यहीं है। ऐसे में इस स्थल का ऐतिहासिक महत्व भी बढ़ रहा है। इतनी विशिष्टताओं को देखते हुए शासन व प्रशासन की ओर से नियमित रूप से इसके विकास की पहल की जा रही है। विकसित होने के कारण विदेशी पर्यटक भी आकर्षित होंगे। सड़कों का निर्माण समय से पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्ताव भेजकर धन की मांग की गई है।
40 हजार की आबादी को होगा फायदा
चौक से रामग्राम मार्ग का चौड़ीकरण होने से सुंदरपुर, सोनाड़ी खास, धरमौली, नाथनगर, झुंगवा, परासखाड़, कम्हरिया कला, बेलभरिया, सधोचक, करौता, रुदलापुर, पिपरा सोनाड़ी, सोहगौरा समेत जाने अनजाने करीब दो दर्जन गांव के लगभग चालीस हजार लोगों के लिए मार्ग सुगम होगा तो वहीं पर्यटन के दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होगा। पर्यटकों के लिए राम ग्राम आना बेहद आसान हो जाएगा।