- राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत बदहाल बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समितियों की दशा को सुधारने का होगा प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में बदहाल पड़े बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों की दशा सुधारने की पहल तेज की गई है। विभाग ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उनकी सेहत सुधारने के लिए प्रस्ताव भेजा है। धन मिलते ही जहां उनके सुधार का कार्य प्रारंभ होगा, वहीं उसकी आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य होगा।
जिले में कुल 96 साधन सहकारी समिति संचालित हैं। इनमें से विभिन्न चरणों में लगभग 60 समितियों की दशा को सुधारा जा चुका है, शेष समितियों की दशा को सुधारने का प्रयास किया जाना है। इसी क्रम में सहकारिता विभाग की ओर से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 10 समितियों के सुधार के लिए नाम भेजा गया है। धन मिलते ही उनके सुधार की कवायद शुरू होगी।
-
इन समितियों के सुधार की हो रही पहल
जिले के जिन 10 समितियों का नए सिरे से निर्माण कराया जाना है उसमें सदर ब्लॉक के दरौली, पनियरा ब्लॉक के सतगुरु व मुजुरी, निचलौल ब्लॉक के बढ़या, लक्ष्मीपुर ब्लॉक के पुरंदरपुर, बेलवा खुर्द व महुअवा अड्डा, नौतनवां के मंगलापुर व धानी के बरगाहपुर का नाम है।
नए सिरे से निर्माण के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 10 समितियों का नाम भेजा गया है। धन मिलते ही उसका कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
सुनील कुमार गुप्ता, सहायक निबंधक सहकारिता