महराजगंज। शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पहले चरण में 553 आवेदकों का चयन हुआ है। जबकि 1100 सीट है। एक मार्च से 30 मार्च तक दूसरे चरण में आवेदन करने का अवसर मिला है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत पहले चरण में 553 छात्रों को निजी स्कूलों में सीटें आवंटित हुई हैं। आवेदन करने वाले 1,157 बच्चों में से जांच में विभिन्न कारणों 276 को अपात्र पाया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने नियमानुसार लॉटरी चयन किया गया। इन बच्चों को छह मार्च तक दाखिला लेना होगा। इसमें से बड़ी संख्या में अभिभावकों ने चुनिंदा स्कूलों में आवेदन किया था।
दूसरे चरण के लिए एक से 30 मार्च तक आवेदन की प्रक्रिया चलेगी। एक से सात अप्रैल तक आवेदनों का सत्यापन होगा। आठ अप्रैल को लॉटरी निकाली जाएगी और 17 अप्रैल तक प्रवेश लिए जाएंगे। तीसरे चरण के लिए 16 अप्रैल से आठ मई तक आवेदन होंगे। 15 मई तक सत्यापन की प्रक्रिया होगी और 16 मई को लॉटरी निकाली जाएगी। 23 मई तक दाखिले होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले चरण की चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है। चयनित बच्चों को नियमानुसार प्रवेश दिलाते हुए योजना से लाभान्वित किया जाएगा। वंचित पात्र परिवार के लोग दूसरे चरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद नियमानुसार आरक्षित सीट पर प्रवेश दिलाते हुए नि:शुल्क शिक्षा दिलाई जाएगी।