महराजगंज। एक युवक से एक लाख रुपये की लूट की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो फर्जी निकला।
शुक्रवार को विवेक मद्धेशिया पुत्र स्व. शम्भू मद्धेशिया निवासी ग्राम अमरुतिया, थाना कोतवाली, जनपद महाराजगंज ने डायल 112 पर सूचना दी कि ऊपाकड़ में अज्ञात व्यक्तियों ने उससे एक लाख रुपये लूट लिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आसपास की पूछताछ में मामला संदिग्ध लगा। पुलिस को जांच में पता चला कि 28 अप्रैल को थाना कोठीभार क्षेत्र के सिसवा बाजार में एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान वादी के भाई नीरज मद्धेशिया एवं कमलेश श्रीवास्तव के पुत्र आर्यन श्रीवास्तव के बीच कहासुनी हुई थी, जिसमें नीरज मद्धेशिया ने आर्यन श्रीवास्तव को थप्पड़ मार दिया था। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मारपीट के मामले को लूट की सूचना दी गई थी। जांच में मामले का पता चला है। आपातकालीन सेवाओं (डायल 112) का दुरुपयोग न करें। झूठी सूचना देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद