महराजगंज। बुधवार की रात हुई झमाझम बारिश से गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। आंधी से शहर के अलावा आसपास के कई इलाकों में तार टूटने से पूरी रात बिजली गुल रही। टीन सेड, बोर्ड आदि उखड़ गए। शहर में कई जगह हुए फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन दिन में बिजली की आंख मिचौली का खेल जारी रहा। सुबह सात बजे तक शहर के चार मोहल्लों की बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार को चार डिग्री पारा लुढ़ककर 36 डिग्री पर पहुंच गया। बीते दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार देर रात आई आंधी बारिश में शहर में कई स्थानों पर तार स्पार्क होकर टूट गए थे। सुबह होते ही बिजली विभाग के कर्मियों की टीम ने मरम्मत शुरू की। किसी तरह से आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन दिन में करीब 15 से 20 बार बिजली गुल हुई। कभी घंटा भर तो कभी 15 से 20 मिनट गुल रही। दिन में बिजली गुल होने से महिला अस्पताल व जिला अस्पताल में जनरेटर से काम चलाना पड़ा। शहर के गांधी नगर मोहल्ले में रात में बिजली गुल होने से लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। इसी तरह से अन्य मोहल्लों में लोग परेशान रहे।
आंधी से शहर में फरेंदा रोड पर लगे कई स्थानों के बोर्ड उखड़ गए। इंदिर नगर मोहल्ले में टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे पोल टूटकर झुक गया है। आपूर्ति बहाल रहने के कारण मोहल्ले के लोग सहमे हुए हैं। मोहल्ले के रहने वाले अनिल कहते हैं कि शिकायत करने के बाद भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। शहर के अलावा आसपास के क्षेत्र में बिजली गुल रहने से लोग परेशान हुए। निचलौल कस्बे के चिउटहा रोड पर पोल टूटा, इससे ट्रांसफार्मर जमीन पर आ गया है। बिजली विभाग की नजर में सबकुछ अपडेट हो गया है, लेकिन हकीकत में बदहाल तस्वीर लोगों की समस्या को बढ़ाने के लिए काफी है।
क्रास आर्म टूटने से दस घंटे बाधित रही बिजली
अड्डा बाजार। बुधवार रात आंधी और बरसात के बीच कौलही राजधानी गांव के सिवान में 33 हजार वोल्ट मेन लाइन का क्रॉस आर्म टूट गया। इससे बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे बहाल हुई। भैसहिया पाठक गांव के पास इंसुलेटर से तार छिटक गए थे। अवर अभियंता पीएन कश्यप ने बताया कि बिजली बहाल कर दी गई है। संवाद
-
बारिश होने से धान के बेहन को मिली संजीवनी
जिले में बारिश होने से धान के बेहन को संजीवनी मिली है। वहीं जिनकी रोपाई पहले हो गई है, उन किसानों ने थोड़ी राहत महसूस की। किसान देवेंद्र यादव कहते हैं कि अभी अच्छी बारिश नहीं हुई है, लेकिन कुछ राहत मिली है। आने वाले दिनों में समय-समय पर बारिश होती रही तो फसल अच्छी होगी। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार कहते हैं कि बारिश से सब्जी और धान के बेहन को काफी फायदा हुआ है।
-
कहीं पोल से तार टूटा तो कहीं उड़ा जंफर
शहर में बिजली विभाग के कर्मी दिन भर परेशान रहे। फाल्ट मिलने की सूचना पर उसे ठीक करते रहे। करीब 10 लोगों का पोल से कनेक्शन टूट गया था, उसे ठीक कराने में लोगों को दिन भर परेशान होना पड़ा। जंफर उड़ने पर कर्मी उसे ठीक करने में जुटे रहे।
जिले में बिजली आपूर्ति बहाल है। रात में आंधी आने के बाद थोड़ी समस्या हुई थी, लेकिन समय से कर्मियों ने दुरूस्त कर दिया। निर्वाध बिजली आपूर्ति जारी रहने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
-वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता