फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: मुर्दे से मजदूरी कराने वाले रोजगार सेवक से हुई रिकवरी

Wed, 26 Jun 2024 05:28 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महाराजगंज
विज्ञापन
विज्ञापन
निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के टिकुलहियां गांव में जिम्मेदारों ने मृत व्यक्ति से मजदूरी कराकर भुगतान भी कर दिया था। इतना ही नहीं मृतक के खाते से रकम निकालकर बंदरबांट कर लिया था। मामला उजागर होने के बाद रकम की रिकवरी कराने के साथ ही रोजगार सेवक को कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया। उपायुक्त श्रम रोजगार महराजगंज को पत्र भी भेजा गया है।
विज्ञापन

उपायुक्त श्रम रोजगार महराजगंज को भेजे गए पत्र में खंड विकास अधिकारी शमा सिंह ने बताया है कि विष्णु प्रजापति निवासी टिकुलहियां की ओर से 11 जून 2024 को आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराया गया था कि गांव के लल्लन की मृत्यु 17 अक्तूबर 2015 को हो गई। जबकि ग्राम पंचायत के ग्राम रोजगार सेवक की ओर से फर्जी तरीके से जॉबकार्ड संख्या 110 पर मृतक के खाते में गलत मस्टररोल बनाकर कार्य करते हुए दिखाया गया है।
इतना ही नहीं फर्जी तरीके से भुगतान भी करा दिया गया है। मामले में टीम गठित कर जांच कराई गई। टीम ने बताया कि ऑनलाइन जॉबकार्ड के मुताबिक मृतक लल्लन द्वारा 2020-21 में ग्राम पंचायत टिकुलहियां में मुख्खार के घर से निचलौल सिवान तक चकरोड के उच्चीकरण कार्य पर मस्टररोल संख्या 3693 पर 16 दिवस कार्य करना दिखाया गया है, जबकि 3216 रुपये मजदूरी का भुगतान भी किया गया है।
विज्ञापन

इसी क्रम में लल्लन से टिकुलहियां में बाग की मेडबंदी कार्य में मस्टररोल संख्या 14090 पर 14 दिवस कार्य करना दिखाकर 2814 रुपये का भुगतान किया गया है। जबकि वर्ष 2022-23 में ग्राम पंचायत टिकुलहियां में हरगांव सिवान से टोगरी पुल तक नाली खुदाई कार्य में मस्टररोल संख्या 332 पर 14 दिवस कार्य करना दिखाकर 2982 का भुगतान किया गया है।
उक्त जांच रिपोर्ट के बाद ग्राम रोजगार सेवक, पूर्व ग्राम पंचायत सचिव व पूर्व ग्राम प्रधान तथा वर्तमान ग्राम प्रधान को मनरेगा मजदूरी की धनराशि शासन के नोडल खाते में जमा कराने के लिए निर्देशित किया गया था। इस मामले में जिम्मेदारों की ओर से अवगत कराया गया कि मृतक लल्लन के खाते में मनरेगा मजदूरी की कुल धनराशि 901200 रुपये पड़ा है। उक्त रकम को लल्लन के खाता संख्या से शासन के नोडल खाता संख्या में मनरेगा मजदूरी की धनराशि वापस कर दी गई है। इतना ही नहीं उक्त शिकायत के क्रम में ग्राम रोजगार सेवक अनुराधा प्रजापति को विकास खंड कार्यालय में तैनात किया गया है।

मजदूरी करने के साथ ही बैंक से भी कर रहा लेनदेन
शिकायतकर्ता विष्णु प्रजापति ने कहा की हैरानी की बात यह है कि लल्लन की करीब आठ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। लल्लन से जहां ब्लॉक के जिम्मेदारों ने मनरेगा योजना में मजदूरी कराकर उनके खाते में रकम भुगतान कर बंदरबांट कर लिया था। वहीं बैंक कर्मी भी ब्लॉक के जिम्मेदारों से कम नहीं हैं। क्योंकि उनके इशारे पर लल्लन बैंक में भी इन दिनों लेनदेन करने लगा है। लल्लन के खाते में रकम भेजी गई। मजदूरी की रकम वह शासन को वापस लौटा दिया है। ऐसे में दोषियों को बचाने में ब्लॉक के जिम्मेदारों के साथ ही बैंक कर्मियों की करतूत भी सामने आ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें