जिले में एक लाख क्विंटल वितरित होता है अनाज, पांच लाख चार हजार हैं कार्डधारक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहर से लेकर गांव तक राशन कार्ड बनवाने के लिए लोग भटक रहे हैं। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक लोगों को आश्वासन देकर भेज देते हैं। जिले में पांच लाख, चार हजार कार्ड धारक हैं। प्रत्येक माह एक लाख क्विंटल अनाज वितरित होता है। राशन कार्ड नहीं बनने से आवेदकों को परेशानी हो रही है।
सोमवार को घुघली क्षेत्र के पकड़ियार गांव की रेखा देवी पति बृजेश के साथ जिला पूर्ति कार्यालय पर पहुंचीं। पहले इधर-उधर भटकती रहीं। एक कर्मी ने उन्हें कंप्यूटर कक्ष की ओर से जाने का इशारा किया। वह सीधे कंप्यूटर कक्ष में पहुंचीं। यहां तैनात कर्मी को अपनी पीड़ा सुनाने लगीं। उन्होंने बताया कि ससुर मेवालाल के नाम से अंत्योदय कार्ड बना था। उनकी मौत के बाद उनके नाम से वह कार्ड जारी होना है। दो बार आ चूकी हूं, लेकिन कार्ड नहीं बन पाया।
खौचा निवासी यशोदा देवी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आवेदन देकर अपनी बेटियों कौशल्या और सोनिया का नाम राशन कार्ड से कटवाने के लिए अनुरोध कर चुकी हैं, लेकिन नाम नहीं काटा जा रहा है। सुभाष नगर की पूनम यादव ने बताया कि हर बार उनका आवेदन रिजेक्ट कर दिया जा रहा है। राशन कार्ड बनवाने में परेशानी हो रही है। शिव नगर मोहल्ले के आशुतोष ने बताया कि आवेदन के बाद भी राशन कार्ड नहीं सका है। शिकायत के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।
...
खामियां मिलने पर 93 आवेदन लंबित
नगर पंचायत घुघली, सोनौली, निचलौल, परतावल, पनियरा, बृजमनगंज, चौक बाजार, आनंदनगर समेत नगर पालिका महराजगंज, सिसवा, नौतनवां में 93 आवेदन लंबित हैं। आवेदन होने के बाद कुछ का सत्यापन नहीं हुआ है तो कुछ लोगों के आवेदन में गड़बड़ी मिलने के कारण लंबित है।
...
कोट
राशन कार्ड संबंधी समस्याओं को निस्तारित करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। लंबित आवेदनों की जांच कर निस्तारित करने की कोशिश की जा रही है।
-एपी सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी