महराजगंज। जिले में खेसारी की दाल को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सभी तहसीलों में दुकानों पर छापा डाला। दाल के 12 नमूने लिए। टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की चेतावनी दी। 21 मई को अमर उजाला में दाल लेते समय रहें सावधान, नहीं तो पड़ेगा भारी, शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए टीम ने कार्रवाई की है।
बुधवार को तहसीलदार, नायब तहसीलदार के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने जनपद में 12 जगहों पर छापा डाला। सदर में अन्नपूर्णा प्रोविजन स्टोर, जगदंबा ट्रेडर्स, मद्धेशिया जनरल स्टोर, बूटन गुप्ता परतावल, फरेंदा में प्रहलाद कुमार खेतान, खेतान ट्रेडर्स और साईं ट्रेडिंग कंपनी के यहां छापा डाल कर नमूना लिया गया। इसी प्रकार तहसील नौतनवा में पवन प्रोविजन स्टोर, बालाजी ट्रेडर्स पर और तहसील निचलौल में सोनी जनरल स्टोर, नव दुर्गा ट्रेडर्स थाना रोड और राधेश्याम गुप्ता के वहां भी छापा डाला गया।
अरहर की दाल में मिलावट की मिल रही शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने अरहर की दाल के समस्त थोक विक्रेताओं और बड़े दुकानदारों की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया। नगर पंचायत परतावल में छापा डाला गया तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। धड़ाधड़ कई दुकानों के शटर बंद हो गए। दोनों अधिकारियों ने परतावल पुलिस की मौजूदगी में जांच की।
खेसारी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। अरहर के दाल में खेसारी की दाल मिलाकर बेचने की शिकायत मिल रही थी। इसको देखते हुए कार्रवाई की गई है। अगर कोई जांच में दोषी मिलता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-अनुनय कुमार झा, जिलाधिकारी
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
सदर में उप जिलाधिकारी रमेश कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित पांडेय, फरेंदा तहसीलदार कर्ण सिंह, मंडी परिषद के कर्मी, नौतनवा में तहसीलदार के साथ टीम, निचलौल में तहसीलदार राजेश श्रीवास्तव व खाद्य सुरक्षा अधिकारी रंजन कुमार श्रीवास्तव के अलावा अन्य अधिकारी शामिल रहे।