वीडियो दिखाकर डराता रहा, जब बात नहीं मानी तो फोटो किया वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र की निवासी एक विवाहिता के साथ उसके पति के दोस्त ने ही दुष्कर्म किया। उसका फेसबुक आईडी हैक कर अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने कई बार संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीड़िता के मना करने पर उसने फोटो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया है कि पति के गैर मौजूदगी में उनका दोस्त घर आता-जाता रहता था। एक बार वह घर आया और मेरा मोबाइल लेकर चलाने लगा। मेरे मोबाइल से मेरा फोटो व वीडियो अपने मोबाइल में भेज लिया। उसके बाद वह मुझे ब्लैकमेल करने लगा। इस दौरान उसने मेरे साथ दुष्कर्म भी किया और मेरी अश्लील फोटो व वीडियो बना लिया। इसके बाद वह हमेशा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। मैंने जब मना कर दिया तो उसने मेरा अश्लील फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि महिला का मामला फेसबुक पर अश्लील फोटो वायरल करने का है। इसके बारे में साइबर सेल को सूचित किया गया है। वहां से जैसा निष्कर्ष निकलता है। उसके आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।