महराजगंज। बुधवार को जवाहरलाल नेहरू स्मारक पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए कानून के समर्थन में प्रदर्शन किया। छात्र नेता मनीष कुमार यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कॉलेज परिसर से नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा और डीएम को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने मांग किया कि उच्च शिक्षा में समानता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लाए गए यूजीसी के कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यह नियम देश की शैक्षणिक व्यवस्था में एकरूपता लाएगा, संस्थानों में जवाबदेही बढ़ाएगा और छात्रों को समान अवसर प्रदान करेगा। मनीष कुमार यादव ने बताया कि यूजीसी कानून से शैक्षणिक मानकों में सुधार आएगा। जिले के छात्र समुदाय तथा पूर्व छात्र नेता इस कानून के पूर्ण समर्थन में सरकार के साथ खड़े हैं। इस मौके पर मो. आजम, आनंद वर्मा, अभिषेक यादव, गुलाजर अली, शिवम यादव, पवन साहनी, मो. साहिल, अंकित, ममता यादव, अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।