31,363 किसानों ने कराया फसल बीमा, तिथि बढ़ने से और किसानों को मिलेगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। किसानों की फसल को ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ का सुरक्षा चक्र प्रदान करने के लिए फसल बीमा का पंजीकरण चल रहा है। जिले में अब तक 5000 गैर ऋणी किसान व 26,363 केसीसी वाले किसानों का फसल बीमा हो चुका है। आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है। किसानों को फसल बीमा कराने के लिए कृषि विभाग जागरूक कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पंजीकरण की समय सीमा 10 अगस्त 2023 तक बढ़ा दी है। अब अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। नामांकन से होने वाले लाभ से किसानों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को व्यापक फसल बीमा कवरेज प्रदान करना और उन्हें अप्रत्याशित कृषि जोखिमों से बचाना है। बीते वर्ष जिले में 38,000 किसानों ने फसल बीमा कराया था, इस वर्ष करीब 50,000 किसानों का फसल बीमा कराए जाने की संभावना है।
-
कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन
-कृषि अधिकारी के मुताबिक, नामांकन विवरण और अधिक जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि विभाग, सीएससी केंद्र, अपने केसीसी खातों वाले बैंकों और निकटतम बीमा कंपनी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पीएमएफबीवाई पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
सब्सिडी रेट पर फसलों का प्रीमियम दिया जाता
-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त स्कीम है। जिसमें सब्सिडी रेट पर फसलों का प्रीमियम दिया जाता है। इसमें किसान को फसल बीमा का डेढ़ से दो प्रतिशत पैसा देना होता है। बाकी पैसा केंद्र और राज्य सरकारें देती हैं। केंद्र और राज्य प्रीमियम का 50-50 प्रतिशत हिस्सा देती हैं। उत्तर पूर्व राज्यों में केंद्र प्रीमियम का 90 प्रतिशत पैसा देती है।
फसल बीमा कराने के लिए यह दस्तावेज जरूरी
-फसल बीमा कराने के लिए बस सामान्य से दस्तावेज़ ही चाहिए होते हैं, जैसे- आधार कार्ड की कॉपी, बैंक पासबुक के पहले पेज की कॉपी, भूमि संबंधित दस्तावेज़ की कॉपी और राज्य सरकार की ओर जारी किए गए अन्य दस्तावेज आदि जरूरी होते हैं।
-
फसल बीमा कराने की तिथि बढ़ी है। अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। किसानों को विभाग की ओर से फसल बीमा कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वीरेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी
-