छह माह बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 11 आरोपियों के खिलाफ की केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा के टोला गंगापुर में छह महीने पहले पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंगों ने गोलबंद होकर लाठी डंडों से एक व्यक्ति को मार पीटकर उसका पैर तोड़ दिया। उसके बाद धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पीड़ित व्यक्ति ने तत्काल पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय मेहरबान रही।
पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने छह महीने बाद 11 आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित रामानंद ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर 16 अक्तूबर 2022 को कुछ लोगों ने गोलबंद होकर लाठी डंडों के साथ उनके घर पर हमला बोल दिया। उसके बाद मनबढ़ों ने बेटे मुराली और पत्नी आरती की आंखों के सामने बेरहमी से मार पीटकर दाहिना पैर कई खंडों में तोड़ दिया। उसके बाद कहीं भी शिकायत न करने की धमकी देते हुए भाग निकले। इनका आरोप है कि घटना के बाद थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कई दिनों तक थाने का चक्कर काटने के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई। फिर न्यायालय में पहुंच न्याय की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी दीनानाथ, रामदरश, रामसूरत, रामु, अंजनी, नेहा, रंजना निवासी विशुनपुरा टोला गंगापुर, मोहन और धर्मेन्द्र निवासी तुर्कहिया थाना ठूठीबारी, जितेंद्र और कायर निवासी मोजरी विशुनपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।