महराजगंज। नेपाल के पोखरा को देश की पर्यटन राजधानी घोषित किया जाएगा। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' रविवार को पोखरा को पर्यटन राजधानी घोषित करेंगे।
प्रांतीय सरकार के उद्योग, पर्यटन, वानिकी और पर्यावरण मंत्रालय के सचिव कुमानसिंह गुरुंग ने बताया कि गंडकी प्रदेश सरकार और पोखरा मेट्रोपॉलिटन सिटी द्वारा आयोजित घोषणा कार्यक्रम की तैयारी अपने अंतिम चरण में है। घोषणा से पहले बशुंधरा उद्यान से विभिन्न सांस्कृतिक झांकियों के साथ एक रैली निकाली जाएगी। घोषणा समारोह फेवाताल के तट पर बाराही घाट पर आयोजित किया जाएगा। रैली के बाद राज्य की विभिन्न जातियों और समुदायों की मूल झांकियों के साथ एक समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजधानी की प्रतिमा के अनावरण के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।
राजधानी घोषणा समारोह को भव्य बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके महत्व को समझाने के लिए नेपाल में चीन और भारत के राजदूतों और नेपाल में राजनयिक मिशनों के प्रमुखों को आमंत्रित किया गया है। प्रांतीय सरकार ने अपनी राजधानी पोखरा को पर्यटन राजधानी घोषित करने के लिए एक अध्ययन समिति का गठन किया है। समिति ने पिछले फरवरी में सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। पोखरा महानगर प्रमुख धनराज आचार्य ने बताया कि उद्घोषणा समारोह को उत्सव बनाने की तैयारी की गई है।
पोखरा को पर्यटन राजधानी घोषित किए की बात सुनकर पर्यटन कारोबारी उत्साहित हैं।