सदर कोतवाली में युवती ने कहा-नहीं हुई कार्रवाई तो योगी जी तक शिकायत करूंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्लीज सर...इस दरिंदे को सजा दीजिए, इसको छोडूंगी नहीं, इसने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया है। मेरी जिंदगी तबाह हो गई है। अब मैं जी कर क्या करूंगी। मंगलवार को सदर कोतवाली में जिले में तैनात उप निबंधक राकेश राम पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए युवती फफक कर रो पड़ी। इस दौरान मौजूद आरोपी ने युवती को ही कसूरवार ठहराया। कोतवाल ने दोनों पक्षों की बातें सुनीं। इसके बाद युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली परिसर में मंगलवार को कुशीनगर जिले के एक कस्बे की रहने वाली युवती अपनी मां के साथ पहुंची। युवती ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है। वर्ष 2018 में आरोपी कुशीनगर में तैनात था। वह जमीन के एक मामले में उसके पास गई थी। उस वक्त उसकी उम्र 18 साल थी। युवती का कहना है कि उसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ गई।
युवती का आरोप है कि अधिकारी ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। उसे सपने दिखाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। करीब एक साल बाद उसने आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। इस बीच वह दिल्ली परीक्षा की तैयारी करने चली गई। वर्ष 2021 में अधिकारी का तबादला महराजगंज हो गया। युवती ने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अधिकारी उसे बुलाकर संबंध बनाता था।
युवती का कहना है कि उसकी हरकत से तंग आकर उसने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया। अधिकारी के दबाव से तंग आकर वह मंगलवार को उसके कार्यालय गई थी, जहां उसे मारपीट कर भगा दिया गया। इसके बाद वह सदर कोतवाली आई। युवती ने सदर कोतवाल से कहा कि दरिंदे को सजा दिलाकर ही रहूंगी, चाहे योगी जी से क्यों न शिकायत करनी पड़े।
युवती का कहना है कि जब वह अधिकारी के कार्यालय में पहुंची तो उसने यही कहा था कि मुझे क्यों परेशान करते हो, मेरी जिंदगी में जहर मत घोलो। इसके बाद अधिकारी ने ताबड़तोड़ चप्पल बरसाना शुरू कर दिया। युवती ने भी सैंडल से मारना शुरू कर दिया।
...
जमीन देने का दिया था लालच
युवती के अनुसार, जमीन के मामले को लेकर अधिकारी के पास गई थी तो उसे जमीन देने का लालच दिया था। अधिकारी ने जमीन का मामला भी सुलझा देने की बात कही थी।
...
अपने एक साथी को भी लाया था साथ
युवती ने आरोप लगाया कि अधिकारी खुद संबंध बनाने के साथ अपने एक साथी को भी लेकर आया था। उसने भी जबरन संबंध बनाया। बात नहीं मानने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी थी।
...
प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखता था
युवती का आरोप है कि अधिकारी उसकी प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखता था। इसके लिए एक युवक को लगा रखा था। दिल्ली में युवक उसपर नजर रखते हुए उसकी प्रत्येक हलचल की जानकारी अधिकारी को देता था। वह कहां जा रही है, क्या कर रही है, इन सभी बातों की जानकारी रख रहा था।
...
युवती से कोतवाल ने पूछा -क्या चाहती हो, बोली-आरोपी को जेल
बातचीत के दौरान कोतवाल रवि कुमार राय ने युवती से पूछा क्या चाहती हो? उसने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जाय, उसे बर्खास्त किया जाय। मुझे छोड़ना नहीं है। हर हाल में बर्खास्त कराउंगी। मेरी इज्जत चली गई है। चाहे मुझे अपनी जान देनी पड़े, लेकिन उसे बर्खास्त कराऊंगी। अब मुझे जीना नहीं है। यह सब सुनने के बाद कोतवाल बोले कि तुम्हारे पास क्या सबूत है। युवती बोली कि मेरे मोबाइल फोन व लैपटाॅप में सब प्रमाण हैं। एक लड़की के लिए उसकी आबरू से बढ़कर कुछ नहीं है। भला कौन सरेआम अपनी इज्जत का जनाजा निकालेगा।
...
मामला बाहर आते ही शुरू हो गया मैनेज का खेल
इधर युवती पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही थी, उधर आरोपी अधिकारी को बचाने के लिए मैनेज का खेल भी शुरू हो गया। पुलिस युवती का केस दर्ज करने के बजाय उससे ही सवालों का बौछार करने लगी। सवाल इतने कि जैसे वही सबसे कसूरवार है। आरोपी अधिकारी आराम से कुर्सी पर बैठकर पुलिस को सफाई दे रहा था। इस तरह का आरोप युवती ने पुलिस पर लगाया है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
...
कोट
मामला संज्ञान में आया है। पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आरोपी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी